पंजाब के अमृतसर में छह बदमाशों ने करोड़ों की लूट की वारदात को अंजाम दिया है। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। शहर के गुरु बाजार पटेल चौक स्थित प्रेम कुमार एंड संस ज्वेलर्स शॉप से शाम 7.40 बजे छह बदमाश गोलियां चलाते हुए करीब साढ़े सात करोड़ रुपये के गहने, सोना, हीरा और नकदी लूटकर फरार हो गए।
लुटेरों ने वारदात को अंजाम देने में कुल पांच मिनट का समय लगाया। पुलिस ने घटना के तुरंत बाद पूरे शहर में अलर्ट जारी कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी लेकिन देर रात तक उनको कोई सफलता नहीं मिली थी। पुलिस के मुताबिक शनिवार शाम को दुकान मालिक प्रेम कुमार उनका बेटा मनोज कुमार और दूसरे कर्मचारी और एक महिला ग्राहक मौजूद थी। इसी दौरान तीन लोग दुकान में घुसे।
अंदर जाकर लुटेरों ने देखा कि एक महिला ग्राहक ही बैठी है तो उन्होंने अपने बाकी साथियों को भी बुला लिया। इसके बाद लुटेरों ने दुकान मालिक व कर्मियों के माथे पर पिस्टल लगाया और बंधक बनाकर बैग में सोना, गहने और हीरे के अलावा नकदी भर ली। दुकान मालिक के मुताबिक जाते समय लुटेरे दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे व डीवीआर भी उखाड़ कर ले गए । दुकान से बाहर निकलते हुए लुटेरों ने हवाई फायर किए और फरार हो गए। लूट की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है और जांच शुरू कर दी है।