नोटबंदी के बाद 500 और 1000 के नोटों की ऐसी हालत हो जाएगी, ये किसी ने सोचा भी न था। मामला हरियाणा के फतेहाबाद का है। टोहाना में 500 और 1000 रुपये के कटे-फटे नोट नाली में बहते हुए मिले।
देखते ही देखते यह खबर इलाके में आग की तरह फैल गई। लोग नोटों को देखने के जमा होने लगे। जैन गली में कुछ लोगों ने नोटों को नाली में बहते हुए देखा। कुछ लोग नोट निकालकर ले गए, वहीं कुछ लोगों ने इनके नकली होने की बात भी कही।
पुलिस ने नोटों को निकालकर जांच के लिए भिजवाया
नोटबंदी, बैंक, करेंसी एक्सचेंज
- फोटो : self
इस बीच सूचना पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और नोटों को बाहर निकलवाया। पुलिस ने उन लोगों से भी नोट वापिस ले लिए, जिन्होंने उन्हें पहले ही निकाल लिया था।
अब पुलिस नोटों को जांच के लिए ले गई है, ताकि पता चले कि नोट असली हैं या नकली। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व जमालपुर रोड स्थित नाले में भी पांच सौ व हजार के नोट तैरते मिले थे।
शहर थाना प्रभारी संदीप कुमार ने पुष्टि की कि नाली में कटे-फटे पांच सौ व हजार के कटे-फटे नोट मिले हैं। इन्हें जांच के लिए भेजा दिया गया है।