सूचना मिलने के कुछ ही देर बाद करीब पौने 11 बजे अमृत के परिजन स्कूल में पहुंचे और स्कूल स्टाफ के साथ आसपास तलाश करने के बाद पुलिस को सूचित किया। बताया गया है कि पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्कूल आसपास स्थित दुकानदारों से जानकारी जुटाई, लेकिन लापता छात्र के बारे में कोई सुराग नहीं लगा। देर शाम को पुलिस ने स्कूल से करीब 400 मीटर दूर एक दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की, जिसमें पुलिस को एक अहम सुराग लगा था। पुलिस ने काफी गोपनीय ढंग से इस मामले की कार्रवाई को अंजाम देते हुए स्कूल से बच्चे को ले जाने वाले शख्स की जानकारी जुटाई।
दरअसल जिस युवक की मोटर साइकिल पर अमृत आराम से बैठकर कर जाते हुए दिखाई दे रहा है, वह अमृत के पड़ोसी का रिश्तेदार निकला। इसकी पुष्टि अमृत के परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद की थी। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि जो युवक अपने मोटर साइकिल पर अमृत को बैठकर ले गया था, वह पंजाब के समाना क्षेत्र का रहने वाला है। पता चला है कि इस युवक का नाम अक्षय उर्फ जस्सा पुत्र रोशनलाल है। इधर इस घटना के बाद से अमृत की मां और परिवारजनों का रो रो कर बेहाल हैं।
वारदात के बाद ये हो रही है चर्चा, पुलिस का फोकस
- 1-आरोपी का डेरा बाजीगर में अक्सर आना जाना रहता था।
- 2-आरोपी 11 जनवरी को अमृत की पड़ोस में किसी बुजुर्ग के अंतिम भोग में आया था।
- 3-आरोपी जिस दौरान डेरा बाजीगर आया था उस समय उसकी मुलाकात किसी युवती से हुई थी।
- 4-इस युवती के साथ प्रेम प्रसंग में लिप्त हुए अमृत ने देख लिया था।
- 5-चर्चा ये भी है कि किसी पड़ोसन की अमृत के परिजनों से रंजिश थी, उसकी शह पर यह वारदात हुई।
- 6-आरोपी डेरा बाजीगर निवासी जिनका रिश्तेदार था, उनकी बजाये किसी दूसरे घर में आना जाना था।
- 7-आरोपी द्वारा बच्चे से कुकर्म के बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया।
स्कूल शिक्षक की प्रतिक्रिया
स्कूल शिक्षक अमीता के मुताबिक अमृत पढ़ाई में सामान्य था। उसके दादा अक्सर उसे छोड़ने स्कूल में आते थे। उन्होंने बताया कि स्कूल के निकट एक दुकान है, अक्सर बच्चे वहां खाने-पीने की चीजे लेने के लिये चले जाते हैं, सोमवार को भी संभवत यह हुआ होगा और यहां से कोई उसे बहला-फुसला कर ले गया।
एसपी की मौजूदगी में चला सर्च अभियान
पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी की देखरेख में मंगलवार को कई घंटों तक गांव मिर्जापुर के निकट सर्च अभियान चलाया। करीब 500 मीटर तक नहर में चार गोताखोरों की मदद से बच्चे की तलाश की, मगर उसका कोई भी सुराग नहीं लग सका। देर शाम को सर्च अभियान बंद कर दिया गया, बुधवार को दुबारा सर्च अभियान चलाया जाएगा।
पंजाब से एक युवक किया है राउंड अप
सर्च अभियान के साथ पुलिस ने एक युवक को पंजाब से राउंड अप किया है। पता चला है कि इसी युवक की निशानदेही पर नहर में सर्च अभियान चलाया गया। जानकारी यह भी मिली है कि सोमवार को स्कूल ले जाने के कुछ देर बाद कुरुक्षेत्र-कैथल रोड पर गांव मिर्जापुर के निकट स्थित नहर में अमृत को कंधे पर उठाकर फेंका गया था। जांच अधिकारी के मुताबिक अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं पुलिस प्रवक्ता रोशनलाल के मुताबिक इस मामले में मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।