दिल्ली के लाजपत नगर इलाके में हीरा व्यवसायी राजेश कालरा से हुई आठ करोड़ की लूट मामले में चंडीगढ़ आपरेशन सेल और दिल्ली पुलिस की सयुक्त टीम ने गिरोह के तीन सदस्यों को मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल के पास से शुक्रवार रात दबोच लिया।
पकड़े गए लुटेरों की पहचान नई दिल्ली के फतेहपुर आशवाला के मकान नं 155 निवासी प्रवीण कुमार, नई दिल्ली स्थित गांव छतरपुर के मकान नं 263 निवासी तिलक और छतरपुर के मकान नं 408 निवासी गुलजार अली उर्फ भोला के रुप में हुई।
तीनों हिमाचल में कुछ समय रहकर शुक्रवार रात को मोहाली पहुंचे थे और यहां ठहरने के लिए ठिकाना तलाश रहे थे। शनिवार को दिल्ली पुलिस तीनों को आपरेशन सेल की मदद से अपने साथ ले गई।
वहीं दिल्ली पुलिस ने मामले में गिरोह के सरगना अजय, शक्ति, जोनी मांचंद्र समेत अन्य को दिल्ली से दबोच लिया है।
हीरा व्यवसायी राजेश कालरा से आठ करोड़ लूट मामले में अजय और शक्ति के पकड़ने जाने के बाद दिल्ली पुलिस को सूचना मिली थी कि गिरोह केतीन सदस्य हिमाचल से आकर मोहाली में छिपने के लिए ठिकाना तलाश कर रहे है।
सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस ने तुरंत चंडीगढ़ पुलिस से संपर्क किया। लुटेरों की जानकारी मिलते ही आपरेशन सेल की टीम ने नजर रखी और दिल्ली पुलिस की टीम चंडीगढ़ पहुंच गई।
दिल्ली और चंडीगढ़ पुलिस ने सयुक्त टीम बनाकर फोर्टिस अस्पताल केपास से प्रवीण कुमार, तिलक और गुलजार अली उर्फ भोला को दबोच लिया।