वीरभान ने बताया कि उनका भांजा सोमनाथ निवासी संजय नगर विवाहित था और उसके तीन बच्चे हैं। वह दुकान में काम करता था लेकिन उसकी किसी के साथ रंजिश नहीं थी। पिछले सोमवार को वह खाना खाने के बाद घूमने पटियाला फाटक की तरफ गया था। काफी समय तक जब वह वापस नहीं आया तो परिजन उसे बुलाने पहुंचे लेकिन उसने कहा कि वह कुछ समय बाद आ रहा है।
रात साढे़ 11 बजे के करीब पटियाला फाटक के पास से कुछ जानकार आए और बताया कि सोमनाथ का किसी ने कत्ल कर दिया है। जब वह मौके पर पहुंचे तो सहारा जन सेवा के कार्यकर्ता सोमनाथ को उठाकर सिविल अस्पताल ले जा चुके थे। जब वह सिविल अस्पताल पहुंचे तो वहां सोमनाथ की हालत गंभीर थी और कुछ समय बाद ही मौत हो गई। पुलिस ने फिलहाल चार लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ जारी है।
वहीं, सफाई सेवक यूनियन के प्रतिनिधियों ने कहा कि बेशक पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं और उन्होंने जांच शुरू की है लेकिन जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता तब तक मृतक का अंतिम संस्कार नहीं करने देंगे। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सहारा जन सेवा के संदीप गोयल ने बताया कि रात के समय गंभीर हालत में पटियाला फाटक में पड़े युवक सोमनाथ को वह अस्पताल लेकर गए थे। उसके सिर में तेजधार हथियारों से हमला किया गया था।