चंडीगढ़ के सेक्टर-7 स्थित एक होटल में महिला मित्र के साथ पहुंचे युवक ने पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। वारदात के करीब ढाई घंटे पहले ही होटल में कमरा बुक करवाया गया था। मृतक की पहचान डेराबस्सी निवासी प्रदीप (22) के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। सेक्टर-26 थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
घटना मंगलवार शाम करीब छह बजे की है। पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-7 स्थित एक होटल में युवक ने पंखे से फंदा लगा लिया है। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को जीएमएसएच-16 ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रदीप डेराबस्सी का रहने वाला है। उसकी करीब एक साल पहले शादी हुई थी।
मंगलवार दोपहर पौने चार बजे प्रदीप ने एक महिला मित्र के साथ सेक्टर-7 स्थित होटल का कमरा बुक करवाया था लेकिन महिला डेढ़ घंटे बाद वहां से चली गई। इस दौरान महिला मित्र ने प्रदीप की बहन को फोन कर उसके फंदा लगाने के बारे में जानकारी दी। जब परिवार होटल पहुंचा तो प्रदीप पंखे से लटका हुआ था।
उधर, पुलिस ने जब पूछताछ करने लिए महिला से संपर्क करना चाहा तो उसका मोबाइल बंद था। पुलिस अब महिला से पूछताछ कर प्रदीप के आत्महत्या करने के कारणों का पता लगाएगी। फिलहाल, पुलिस ने शव को जीएमएसएच-16 के शव गृह में रखवा दिया है, जहां बुधवार को उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है।