पंजाब के बठिंडा जिले के गांव बुर्ज राजगढ़ में 22 वर्षीय युवक ने जहर निगलकर खुदकुशी कर ली। बताया जा रहा है कि मृतक युवक की एक युवती ने अपने भाई के साथ मिलकर पिटाई की थी। इसके बाद से वह परेशान था और उसने अब यह खौफनाक कदम उठ लिया है। थाना दयालपुरा पुलिस ने मृतक युवक जंगीर सिंह के पिता की शिकायत पर आरोपी युवती व उसके भाई के खिलाफ खुदकुशी के लिए मजबूर करने का मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पुलिस शिकायत में गांव बुर्ज राजगढ़ निवासी गुरनाम सिंह ने बताया कि उनके 22 वर्षीय बेटे जंगीर सिंह की बुर्ज राजगढ़ की रहने वाली युवती से दोस्ती थी। नौ मार्च को दोनों के बीच किसी बात पर झगड़ा हो गया और बाद में आरोपी युवती ने अपने भाई को बुलाकर उसके बेटे जंगीर सिंह की पिटाई कर दी। इसके बाद उसका बेटा काफी परेशान रहने लगा। इस परेशानी के चलते बीते दिन उसके बेटे ने घर में पड़ा जहरीला पदार्थ निगलकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने केस दर्जकर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।