जातिसूचक शब्द और गालियां देने का विरोध करने पर गांव रुमी में सरपंच ने साथियों के साथ मिलकर 22 वर्षीय नौजवान मनमिंदर सिंह की हत्या कर दी। हमले में मनमिंदर के माता-पिता भी जख्मी हो गए। वारदात अंजाम देने के बाद आरोपी हवाई फायर करते हुए फरार हो गए। पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज करके आरोपी सरपंच कुलदीप सिंह, यादविंदर सिंह, गुरजीत सिंह, जंटा सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पंच गुरमीत सिंह मिंटू फिलहाल फरार है।
मृतक के पिता जगविंदर सिंह ने बताया शनिवार शाम उनके घर के पास मकान बना रहे फौजी नगाइया सिंह से आरोपियों की रास्ते में पड़े सामान को लेकर कहासुनी हो गई थी। इससे बौखलाए आरोपियों ने अपने साथियों को बुला लिया। वे नगाइया सिंह और मोहल्ले के लोगों को जातिसूचक शब्द और गलियां देने लगे।
इस पर मनमिंदर सिंह ने उन्हें जातिसूचक शब्द कहने से मना किया तो आरोपी उस पर टूट पड़े। लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत करवा दिया। रात दस बजे के करीब आरोपियों ने मनमिंदर के घर के बाहर हवाई फायरिंग की और दरवाजे तोड़कर अंदर घुस गए। उन्होंने मनमिंदर पर तेजधार हथियारों से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।