भवानीगढ़ के नजदीकी गांव हरकृष्णपुरा में दो भाइयों ने अपने पड़ोसी युवक की तेजधार हथियार से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों भाई फरार हो गए।
थाना सदर संगरूर की पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है। गांव हरकृष्णपुरा निवासी हरप्रीत सिंह ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात उनका 20 वर्षीय भाई अर्शदीप सिंह घर पर ही मौजूद था।
सभी खाना खाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान किसी ने अर्शदीप सिंह को बाहर से आवाज लगाई। इसके बाद अर्शदीप घर से बाहर चला गया। उनके पड़ोस में रहने वाले हरजिंदर सिंह और उसके भाई सोमजीत सिंह ने घर के बाहर गली में अर्शदीप सिंह की छाती में चाकू से कई वार किए। वह उसे तड़पता हुआ छोड़कर फरार हो गए।
अर्शदीप सिंह की चीख सुनकर वह घर से बाहर निकला तो देखा कि अर्शदीप खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। उसे तुरंत भवानीगढ़ के सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई हरप्रीत सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके पड़ोसी हरजिंदर सिंह को संदेह था कि अर्शदीप सिंह उसकी पत्नी पर गलत नजर रखता है। इसी रंजिश में उसने अपने भाई के साथ मिलकर अर्शदीप सिंह की हत्या कर दी।
थाना सदर संगरूर के एसएचओ राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने हरप्रीत सिंह के बयान के आधार पर हरजिंदर सिंह और सोमजीत सिंह निवासी हरकृष्णपुरा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। दोनों भाई फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। अर्शदीप के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया गया है।