पिंजौर में आधे घंटे में दो कारों के शीशे तोड़ उड़ाई नगदी, डायमंड रिंग और टेबलेट
अमर उजाला ब्यूरो
पिंजौर। आधे घंटे के भीतर अज्ञात चोरों ने दो कारों के शीशे तोड़कर उनमें रखी ज्वैलरी के साथ-साथ नगदी पर भी हाथ साफ कर दिया। पहली घटना में पुलिस को दी शिकायत में पिंजौर निवासी शिखा शर्मा ने बताया कि वह पिंजौर-कालका मार्ग पर बने व्हाइट हाउस के समीप शुक्रवार शाम करीब सवा छह बजे अपनी कार खड़ी कर अपने निजी काम से मार्केट चली गई। करीब 15 मिनट के बाद जब वह वापिस आई तो उसकी कार का शीशा टूटा हुआ था कार में रखा पर्स गायब था। शिकायतकर्ता ने बताया कि पर्स में करीब साढ़े तीन हजार की नगदी, डायमंड रिंग और अन्य जरूरी कागजात थे जिन्हें अज्ञात चोर चुरा कर ले गए। शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को देने के बाद उसने आसपास खोज की तो कार से कुछ ही दूरी पर उसका खाली पर्स पड़ा हुआ मिला।
दूसरी घटना शुक्रवार शाम करीब पौने सात बजे की है जिसमें ट्रिब्यून कालोनी कांसल चंडीगढ़ निवासी गौरव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह टाइल्स का काम करता है। शुक्रवार शाम अपने परिचित के शोरूम मैसर्ज भगवती मार्बल एंड टाइल्स के पास आया। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने अपनी कार होंडा सिटी शोरूम के सामने कुछ ही दूरी पर खड़ी की थी। कुछ समय बाद जब वह कार के पास आया तो उसने देखा कि चालक साइड का शीशा तोड़ कर अज्ञात चोर कार में रखे बैग से 20 हजार कैश, सैमसंग कंपनी का टेबलेट चोरी कर फरार हो गया जबकि खाली बैग को कार में ही छोड़ गया। पुलिस ने शिकायतकर्ता शिखा और गौरव की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।