पुलिस जवान पर गाड़ी चढ़ाने वाले युवक गिरफ्तार
पुलिस ने सेक्टर-15 मार्केट से किया अरेस्ट, एक सेक्टर-11 तो दूसरा 20 का रहने वाला
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। सेक्टर-15 चौकी पुलिस ने दोनों असलहा तस्करों को गिरफ्तार कर पंचकूला नंबर की सफेद स्विफ्ट कार को बरामद कर लिया है। आरोपियों की पहचान सन्नी कपूर (30) निवासी सेक्टर-11 और हैरी (29) निवासी सेक्टर-20 के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को सेक्टर-15 मार्केट से काबू किया है। हालांकि पुलिस को हथियार बरामद नहीं हुआ है। पुलिस दोनों से लगातार पूछताछ कर रही है। अभी तक की जांच में सामने आया है कि दोनों तस्कर नहीं है। आरोपियों ने बताया कि वह पुलिस को देखकर डर गए थे। जब उन्होंने देखा की पुलिस उनकी तरफ बढ़ रही है तो कार भगा दी, जिसके चलते जवान कार की चपेट में आ गया। गौरतलब है कि शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे सेक्टर-19 क्राइम ब्रांच थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सेक्टर-11-15 शहीद भगत सिंह चौक में नाका लगा रखा था। उन्हें सूचना मिली थी कि एक कार में दो लोग हथियार की सप्लाई करने जा रहे हैं। सूचना के आधार पर असलहा तस्करों को गिरफ्तार करने के लिए नाके पर आठ जवान तैनात थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुप्तचर के मुताबिक सही समय पर पंचकूला नंबर की कार आती दिखाई दी, जिसमें दो लोग सवार थे। नाके पर तैनात जवानों ने कार को रुकने के इशारा किया। चालक ने कार की स्पीड को भी कम किया, लेकिन एकाएक स्पीड बढ़ा ली। इतना ही नहीं नाका तोड़ने के साथ सिपाही राम निवास को अपनी चपेट में ले लिया था। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए अल्केमिस्ट अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। राम निवास का दायां पैर फ्रैक्चर होने के कारण उसका डॉक्टरों ने आपरेशन किया है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी घटना
क्राइम ब्रांच के जवानों ने बताया था कि जहां गाड़ी का नंबर ट्रेस कर लिया है, वहीं नाके के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में असलहा तस्करों की तस्वीर भी कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही थी। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम भी बनाई गई थी, जो लगातार छापामारी कर रही थी।
कई संगीन धाराओं में केस दर्ज
इंस्पेक्टर कमलजीत ने बताया था कि आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा-307 और 386 के तहत केस दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को सेक्टर-15 मार्केट से सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को मंगलवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। इस दौरान आरपियों से हथियार बरामद करने की कोशिश की जाएगी।
जाना था कनाडा पहुंच गया हवालात
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों की फैमिली बैक ग्राउंड पहुंच अच्छी है। हैरी 20 दिन बार कनाडा जाने वाला था। उसका वीजा लग चुका है और टिकट भी बुक हो चुकी है, लेकिन अब वह कनाडा की जगह जेल में ऐश करेगा।