दो महिला और दो युवकों की तलाश में पुलिस कर रही छापेमारी
- सब इंस्पेक्टर से बदसलूकी करने वाला आरोपी युवक गिरफ्तार
- दो महिला और दो युवकों की तलाश में पुलिस कर रही छापेमारी
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। ड्यूटी पर तैनात सब इंस्पेक्टर योगराज से बदसलूकी करने के मामले में सेक्टर-7 चौकी पुलिस ने चंडीगढ़ सेक्टर-25 निवासी आरोपी युवक पंकज को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके साथ घटना के दौरान दो महिला और दो अन्य युवकों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी जारी है। आरोपी पंकज को पुलिस मंगलवार को कोर्ट में पेश कर सकती है।
सब इंस्पेक्टर योगराज ने सेक्टर-7 चौकी में दी शिकायत में बताया कि रविवार को पुराने पंचकूला चौक पर सुबह आठ से शाम आठ बजे तक के लिए यातायात चेकिंग के लिए बतौर चालान अधिकारी ड्यूटी पर मौजूद थे। उनके साथ सिपाही कुलदीप और एसपीओ गुरमेल सिंह और पीसीआर-17 मुलाजिम भी मौजूद थे। इस दौरान दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बिना हेलमेट के बुलेट पर सवार तीन लोगों को आते देखा। जब चेकिंग के लिए रोका तो उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जवानों के साथ मिलकर उसे पकड़ लिया गया। इसके बाद उससे कागज दिखाने को कहा गया। आरोपी युवक ने अपना नाम पंकज बताते हुए कहा कि वह चंडीगढ़ सेक्टर-25 का रहने वाला है और उसकी पहुंच ऊपर तक है। इस दौरान उसकी बाइक पर बिना हेलमेट पहने दो महिलाएं भी बैठी थीं। आरोपी ने धौंस दिखाते हुए कहा था कि यदि चालान किया तो वर्दी उतरवा देगा। इसके बाद आरोपी ने उनकी वर्दी पर हाथ डाला और कालर पकड़ लिया। वहीं घटना के दौरान ही सब इंस्पेक्टर को चप्पल मारने की कोशिश की गई। लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने महिला को ऐसा करने सेे रोक लिया।
आरोप है कि तीनों ने उनके व साथियों के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान चौक के पास तिरपाल की दुकान करने वाला व्यक्ति व चंडीमंदिर निवासी एक अन्य व्यक्ति आरोपियों को उकसाने लगा और कहा कि इन पुलिस वालों को चप्पलों से मारो और छेड़छाड़ का आरोप लगा दो तभी ये इस चौक से चेकिंग करने से हटेंगे। ताकि हमारे ग्राहकी खराब ना हो। सब इंस्पेक्टर योगराज के बयान पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।