फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बैलिस्टिक एक्सपर्ट का खुलासा : 32 बोर की पिस्टल से हत्यारोपी ने चारों को मौत के घाट उतारा

विज्ञापन
विज्ञापन
मेड इन इंडिया पिस्टल से किए कुल 11 राउंड फायर, तीन मिस
विज्ञापन

बैलिस्टिक एक्सपर्ट का खुलासा : 32 बोर की पिस्टल से ही हत्यारोपी ने चारों को मौत के घाट उतारा

- 48 घंटे बाद भी पंचकूला चंडीमंदिर थाना पुलिस के हाथ खाली
- बच्ची की सुरक्षा में दो महिला समेत चार पुरुष जवान तैनात किए

अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। बरवाला के खटौली गांव में हुई चार लोगों की निर्मम हत्या के केस में बैलिस्टिक एक्सपर्ट की टीम ने सोमवार को बड़ा खुलासा किया है। टीम की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के लिए हत्यारोपी ने भारत में बनी 32 बोर की पिस्टल का प्रयोग किया है। हत्यारोपी ने कुल 12 फायर किए थे, जिसमें से तीन मिस हो गए थे। इसके अलावा भी बैलिस्टिक एक्सपर्ट टीम के सदस्यों के हाथ कई अहम सुराग लगे हैं, जिसके जरिए पुलिस के हाथ हत्यारोपी के गिरेबान तक जल्द पहुंच सकते हैं। वहीं, दूसरी ओर हत्या के 48 घंटे बाद भी पंचकूला चंडीमंदिर थाना पुलिस के हाथ खाली हैं। हालांकि पुलिस अधिकारी केस को जल्द सुलझाने का दावा कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस प्रॉपर्टी को लेकर हत्या करने के एंगल पर जांच कर रही है। केस के खुलासे के लिए चंडीमंदिर थाना पुलिस समेत सीआईए और क्राइम ब्रांच की टीम भी अपने स्तर पर कार्य कर रही है।

आखिरी कॉल सीए को करने से पहले अपने दामाद से हुई थी बात
सूत्रों के मुताबिक राजबाला की मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन से चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, जिसमें पाया गया कि राजबाला और उसके पोते-पोतियों का मर्डर करने वाली शुक्रवार की रात साढ़े नौ बजे तक उसके घर नहीं आए थे। क्योंकि राजबाला की बीते शुक्रवार को दिन और रात में कई लोगों से बात हुई है। जिसमें 11 लोगों के नाम सामने आए हैं। हैरान करने वाली बात ये है कि राजबाला की आखिरी बात रात करीब 9:10 बजे अपने सीए से हुई थी। पुलिस अब ये भी जानने की कोशिश कर रही है कि राजबाला ने सीए से किस मुद्दे पर बात की थी। वहीं, शाम को ही सीए से बात होने से पूर्व मोबाइल पर राजबाला की अपने दामाद से भी हुई थी। इसके बाद राजबाला के मोबाइल पर कोई कॉल नहीं आई। वहीं राजबाला के घर पर तीन मोबाइल मिले हैं, जिसमें किसी ने भी रात के वक्त कॉल नहीं की। वहीं रात करीब सवा 10 बजे तक एक मोबाइल पर इंटरनेट का इस्तेमाल किया गया।
विज्ञापन


पुलिस खंगाल रही राजबाला का बैंक अकाउंट
हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए जांच में जुटीं पुलिस की टीमें पूछताछ के साथ करोड़ों की संपत्ति की मालकिन मृतक राजबाला के बैंक अकाउंट को भी खंगाल रही है। क्योंकि हाल ही में राजबाला के अकाउंट में सरकार की तरफ से मुआवजे की राशि ट्रांसफर की गई थी। इस पैसे को राजबाला ने किस-किस को दिए ये भी जानने के साथ उनसे भी पूछताछ की तैयारी कर रही है। क्योंकि एनएच-73 निर्माण के दौरान राजबाला की काफी जमीन हाईवे के अंतर्गत आ रही थी, जिसे सरकार ने एक्वायर कर उन्हें मुआवजा दिया था। मुआवजा राशि में से राजबाला ने चारों बेटियों को एक-एक करोड़ रुपये दिए थे।

पुलिस की रडार पर लेनदेन करने वाले भी
पुलिस गांव और रिश्तेदारों से जानकारी जुटा रही है कि गांव खटौली में राजबाला के यहां सबसे ज्यादा किसका आना-जाना था। वह सबसे ज्यादा किससे लेनदेन करती थीं। पुलिस ने इसी को लेकर सोमवार को 10 से अधिक लोगों से सख्ती से पूछताछ की। बताया जा रहा है कि राजबाला के पास कुछ माह पहले ही करोड़ों रुपये आए थे। वह पैसे घर की बजाय बैंक में रखती थी। उसके पास कई-कई लाख रुपये ब्याज और जमीनों का ठेका आता था।

गांव में दहशत का माहौल, बच्ची की सुरक्षा बढ़ाइर्
हत्या के बाद से खटौली गांव में दहशत का माहौल बना हुआ। पुलिस का कहना है कि चार लोगों की हत्या के बाद उसी परिवार की एक 12 साल की बच्ची शैली को पुलिस सुरक्षा दी गई है। ये बच्ची इसलिए बच गई, क्योंकि वारदात वाली रात ये घर पर मौजूद नहीं थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शैली की सुरक्षा में दो महिला समेत चार पुरुष जवानों को तैनात किया गया है। शैली भी इसलिए बच गई क्योंकि वो पिछले काफी समय से अपनी बुआ के पास रह रही थी।

राजबाला के करीबियों से पूछताछ जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में कई लोगों से पूछताछ जारी है और पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगी हुई हैं। जल्द ही पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने बताया कि जिस व्यक्ति ने भी इन चार हत्याओं को अंजाम दिया है उसने इस घर का वारिस खत्म करने की कोशिश की है और ये प्रॉपर्टी से जुड़ा मामला लग रहा है। पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग महिला की प्रॉपर्टी बहुत ज्यादा थी और अगर बुजुर्ग महिला को मारना होता तो कहीं भी मार सकता था।

बच्ची को स्थायी सुरक्षा देने की मांग
गांव के लोगों ने पुलिस प्रशासन से 12 वर्षीय बच्ची शैली को स्थायी सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। क्योंकि, खटौली में राजबाला के परिवार पर पहले भी कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिसकी गुत्थी अभी तक नहीं सुलझी है। गांव के लोगों ने बताया कि 2008 में जहां राजबाला के बेटे उपेंद्र सिंह ने सुसाइड कर लिया था। लेकिन परिवार और गांवों के गले के नीचे ये घटना नहीं उतर रही है। वहीं, इस घटना के ठीक आठ साल बाद राजबाला के बेटे उपेंद्र सिंह की पत्नी सुधा 2016 में संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई, जिसका सुराग आज तक नहीं लगा। लोगों का कहना है कि कहीं इन सभी घटनाओं के तार आपस में तो नहीं मिल रहे हैं।
विज्ञापन


खुलासे को सात सदस्यीय टीम गठित
केस के खुलासे के लिए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने सात सदस्यीय टीम का गठन किया है। टीम में एसीपी क्राइम, एसीपी कालका, पांच एसएचओ, दो सब इंस्पेक्टर और एक चौकी इंचार्ज शामिल हैं
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें