नशे की हालत में लेखा परीक्षक ने किया हंगामा
- अधिकारियों और कर्मचारियों से किया दुर्व्यवहार
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। एक सरकारी लेखा परीक्षक ने कार्यालय में नशे की हालत में हंगामा किया। आरोपी लेखा परीक्षक ने अधिकारियों/कर्मचारियों से दुर्व्यवहार, मारपीट, धमकी देना, सरकारी कार्यों में बाधा डालने व सरकारी दस्तावेजों का नुकसान करने की कोशिश की, जिसके खिलाफ सेक्टर-5 पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुष्पेंद्र लेखा परीक्षक गांव भोजमलपुर रोहतक जो कि सोनीपत सर्कल में कार्यरत है। उसे विभाग की ओर से ब्लाक गन्नौर की पंचायतों का ऑडिट करने के लिए लगाया गया था। शुक्रवार दोपहर वह ढाई बजे निदेशक लेखा परीक्षा पंचकूला सेक्टर-2 बैच नंबर 3-6 दूसरी मंजिल के कार्यालय में आया। पुष्पेंद्र नशे में था। वह आते ही सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने लगा। उसने अधिकारियों व कर्मचारियों को धमकाया तथा महिला कर्मचारियों की उपस्थिति में गाली गलौच करते हुए उन पर गलत आरोप लगाने लगा। इतना ही आरोपी ने सरकारी रिकार्ड को आग लगाने की धमकी दी और कर्मचारियों से मारपीट की। जिसके खिलाफ पुलिस को संयुक्त निदेशक स्थानीय लेखा परीक्षा हरियाणा ने शिकायत दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने धारा-323 और 506 के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पति लापता, पत्नी परेशान
पुलिस ने शिकायत किया केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। सेक्टर-17 निवासी संजीव गोयल पिछले तीन दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हैं। संजीव गोयल की पत्नी मोनिका गुप्ता ने पुलिस को दी सूचना में बताया कि हरियाणा श्रवण एवं वाणी विकलांग कल्याण समिति सेक्टर-16 में वह अध्यापिका के पद पर नियुक्त हैं और उसका पति भी इसी संस्था में अकाउंटेंट पद पर कार्यरत है। मोनिका ने बताया कि बुधवार दोपहर 2:30 बजे उनका पति उसे घर छोड़कर वापस ऑफिस आ गए थे और शाम को छह बजे फोन पर उन्होंने आधे घंटे में घर आने की बात कही थी। मोनिका के अनुसार उसका पति पूरी रात घर नहीं आया। अगले दिन उन्हें स्कूल के चौकीदार ने बताया कि आपके पति की कार की चाबी उसके पास है। मोनिका ने बताया कि चाबी लेकर उन्होंने जब कार चेक की तो उसके पति का फोन कार में ही था। हर जगह तलाश करने के बाद उसने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लापता संजीव की तलाश शुरू कर दी।
तीन दिवसीय मुफ्त ब्लड चेकअप कैंप लगा
पंचकूला। हेल्थ अवेयरनेस व स्वस्थ भारत अभियान के तहत सामाजिक संस्था हिन्द संग्राम परिषद के पूर्व राष्ट्रीय सचिव हरीश शर्मा के सहयोग से तीन दिवसीय मुफ्त ब्लड चेकअप कैंप डॉ. लाल पैथ लैब पीरमुछल्ला में आयोजित किया गया। पूर्व राष्ट्रीय सचिव ने बताया कि कैंप में कोलेस्ट्राल शुगर और थायराइड का नि:शुल्क टेस्ट किया गया। इस दौरान आसपास के कई लोगों ने टेस्ट करवाए। इस अवसर पर इलेक्ट्रो एक्यूप्रेशर व नैचुरोपैथी सेंटर के संचालक डॉ. कमलेश शर्मा ने बताया कि कैंप में टेस्ट शुगर, कोलेस्ट्राल व थायराइड के अलावा इलेक्ट्रो एक्यूप्रेशर से भी मुफ्त जांच की गई व टिप्स भी बताए, जिससे तत्काल कई बीमारियों पर निमंत्रण किया जा सकता है। डॉ. ने बताया कि इंसान की सुख सुविधाएँ ही उसकी मूल बीमारियों को बढ़ावा और अकाल मृत्यु को बुलावा दे रहा है। आजकल का खानपान, रहन-सहन के कारण बीमारियों से ग्रस्त हो रहा है। इसका एकमात्र उपाय यही है कि इंसान सही समय पर कार्यशैली को निर्धारित करे और सरल व सहज जीवन जीए।