आईटी पार्क के नजदीक ट्रेन से कटकर युवक ने जान दी
- पुलिस को मौके से मिला सुसाइड नोट, महिला पर आरोप
- मामले की जांच में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। पारिवारिक कलह के चलते चंडीगढ़ के शास्त्री नगर निवासी 30 वर्षीय एक युवक ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। मृतक की पहचान जय प्रकाश निवासी थाना इस्लामगंज, जिला बदायूं उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह शास्त्री नगर में किराए के मकान में एक तलाकशुदा महिला के साथ रहता था।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर जीआरपी के जवान पहुंचे। उन्हें युवक की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें उसने साथ रहने वाली महिला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि मृतक के परिजनों और आरोपी महिला का कहना है कि जय प्रकाश अशिक्षित था। ऐसे में सुसाइड नोट को कोई मतलब नहीं बनता है। किसी व्यक्ति ने उसे केस में फंसाने के लिए ऐसी हरकत की है।
जीआरपी थाना प्रभारी राज कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि परिजनों के बयान पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
महिला ने अस्पताल में दम तोड़ा
पंचकूला। रेलवे स्टेशन पर घूमने वाली एक अज्ञात महिला ने सेक्टर-32 अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जीआरपी ने शव को पहचान के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। जीआरपी के जयवीर ने बताया कि महिला का नाम रामावती है। उसकी आयु करीब 50 साल है। कद पांच फुट एक इंच और रंग सांवला है।