डॉलर एक्सचेंज करने के नाम पर 42,500 रुपये की ठगी
- रायपुररानी-बरवाला मार्ग पर पेट्रोल पंप की वारदात सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद, फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
- शुक्रवार दोपहर बाद करीब 2.38 बजे एवरेस्ट पेट्रो स्टेशन पर आए थे दो युवक और एक महिला
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। डॉलर बदलने के नाम पर फर्राटेदार अंग्रेजी बोलकर पेट्रोल पंप मालिक को 42,500 रुपये की चपत लगाकर रफूचक्कर हो गए। शातिर चोरों ने इस घटना को अंजाम देने के लिए ऐसा तरीका अपनाया कि पंप मालिक को भी इसका अहसास नहीं हो सका। महज आठ मिनट में हजारों रुपये की चपत लगाने के बाद दो युवक और एक महिला कार में फरार हो गए। जब तक इसकी भनक लगती आरोपी फरार हो चुके थे। शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रायपुररानी में मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हुई है।
मौली चौक स्थित एवरेस्ट पेट्रो स्टेशन के मालिक आरएस बंसल ने इस मामले की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। शुक्रवार दोपहर बाद करीब 2.38 बजे पंप पर दो लड़के और एक महिला आईं। उन्होंने पहले पांच लीटर मोबिल ऑयल का रेट पूछा, फिर 100 डॉलर का नोट देते हुए शेष राशि भारतीय मुद्रा में लौटाने को कहा। लेकिन, मैनेजर ने इससे इंकार कर दिया। घटना के वक्त पंप मालिक भी वहीं पर बैठकर टेबल पर कैश की गिनती कर रहे थे। इस दौरान आरोपियों ने अंग्रेजी में 2000 और 500 रुपये के नोट के बारे में पूछा और अचानक मालिक के हाथ से उनकी टक्कर हुई, जिससे कुछ कैश नीचे गिर पड़ा। जैसे ही वह टेबल के पास नीचे झुके, आरोपियों ने 2000 और 500 के नोट अपनी जेब में रख लिए।
मालिक ने बताया कि आरोपियों ने पेट्रोल पंप से करीब 20 मीटर दूरी पर सिल्वर कलर की एस्टीम जैसी कार पार्क कर रखी थी। चोरी की इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से तत्काल फरार हो गए। चंद मिनटों बाद मैनेजर ने कैश का मिलान किया तो उसमें से 42,500 रुपये कम थे। इसके बाद ही हेराफेरी का खुलासा हुआ। आरोपियों के कार के पिछले हिस्से में जहाज जैसे पंख लगे हुए थे। आरोपियों के पास कुछ और डॉलर भी थे। इस मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 380 और 420 के तहत मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है।