किराये पर मांगी कार और हो गया फरार
- कार मालिक और आरोपी के बीच 15 हजार रुपये प्रतिमाह किराया व मासिक किस्त को लेकर हुआ था एग्रीमेंट
- आरोपी ने ही कार खरीदने के लिए बैंक से फाइनेंस कराया था मुहैया, पुलिस ने किया केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। झूठा एग्रीमेंट कर किराये पर कार लेकर रुपये न चुकाने की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोपी ने शिकायतकर्ता को हर महीने 15 हजार रुपये के अलावा मासिक किश्त भी जमा करवाने का वादा करते हुए किराये पर कार ली थी। लेकिन, कुछ महीने तक 15 हजार रुपये अदा करने के बाद से वह फरार हो गया।
सेक्टर-21 निवासी नेहा शर्मा पत्नी दीपक शर्मा ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा है कि फरवरी 2017 में उन्होंने इंडस्ट्रियल एरिया फेस-वन स्थित डीलर से एक कार खरीदी थी। वहां राहुल शर्मा ने ही कार खरीदने के लिए तीन लाख रुपये का बैंक से फाइनेंस भी मुहैया करवाया। इसके बाद हुई जान पहचान को देखते हुए राहुल शर्मा ने शिकायतकर्ता के पति को फोन पर बताया कि आपकी कार 15 हजार रुपये प्रतिमाह के किराये पर अपने जीजा को देना चाहता हूं। मासिक किश्त की भी अदायगी करेंगे। कुछ महीनों तक उन्होंने किराये की रकम कार मालिक को दी, लेकिन इसके बाद वह फरार हो गए। नवंबर 2017 में दोनों पक्षों के बीच एग्रीमेंट हुआ, लेकिन आरोपी के फरार होने के बाद इस मामले की पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सेक्टर-पांच थाने में मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी हुई है।