20 दिन पहले गायब हुई युवती का नहीं मिला सुराग
- पुलिस लाइन में ही रहने वाले आरोपी का मोबाइल बंद होने से नहीं लगा सुराग
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
गुमशुदगी के दर्ज मामलों की छानबीन के लिए पुलिस टीमें लगातार तलाश में तो जुटी है, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद इन मामलों में सफलता नहीं रही है। करीब 20 दिन से लापता 21 वर्षीय युवती का पुलिस को सुराग नहीं मिल सका है तो दूसरी तरफ छह महीने पहले गायब हुए सिपाही का भी सुराग नहीं मिल सका है। दोनों मामले चंडीमंदिर थाना पुलिस ने दर्ज कर लिए हैं, लेकिन अभी इन मामलों का खुलासा नहीं हो सका है। करीब 20 दिन पहले पुलिस लाइन में रहने वाली 21 वर्षीय युवती रितु को बहला फुसलाकर रमेश फरार हो गया। बताया जाता है कि दोनों के बीच जान पहचान थी।
अचानक एक दिन पुलिस लाइन निवासी रमेश, 21 वर्षीय युवती को अपने साथ लेकर भाग गया। आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है, लेकिन अब तक सुराग नहीं मिल सका है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने युवती को शादी को झांसा देकर उसे अपने साथ लेकर चला गया। बताया जा रहा है कि आरोपी का मोबाइल बंद होने की वजह से उसका सुराग नहीं मिल सका है।
छह महीने से लापता सिपाही का नहीं मिला सुराग
पंचकूला। छह महीने पहले अपनी ड्यूटी से लौटने के बाद से गायब सिपाही सतीश कुमार का भी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल सका है। बताया जा रहा है कि वह मानसिक तौर पर परेशान है, जिसका इलाज भी चल रहा था। गायब होने से कुछ दिन पहले ही सिपाही की यहां पोस्टिंग आई थी, लेकिन अचानक गायब होने के बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। बराड़ा निवासी सिपाही सतीश कुमार दिमागी तौर पर परेशान था। चंडी मंदिर थाना में उसकी पोस्टिंग थी। लेकिन नौ सितंबर को ड्यूटी से पुलिस लाइन लौटने की बजाय वह गायब हो गया। पुलिस ने 10 सितंबर को चंडी मंदिर थाना में मामला दर्ज कर सिपाही की तलाश की, लेकिन आरोपियों का सुराग नहीं मिल सका।