हनीप्रीत के देश में ही छिपे होने की आशंका
पंचकूला।
लुकआउट नोटिस जारी होने के 20 दिन बाद भी पुलिस को हनीप्रीत का सुराग नहीं मिल सका है। लुकआउट नोटिस के बाद हनीप्रीत की तलाश में हरियाणा, राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़ सहित देश के कई राज्यों की पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पहले हनीप्रीत के राजस्थान और बाद में नेपाल में होने की खबर थी, लेकिन आला पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हनीप्रीत देश में ही है और उसे हिरासत में लेकर जल्द पूछताछ की जाएगी।
नेपाल में नहीं छुपी है हनीप्रीत : डीजीपी
विपश्यना से हुई पूछताछ में भी हनीप्रीत के बारे में कई अहम जानकारियां मिली थी। इससे पहले भी हनीप्रीत के राजस्थान में होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने लगातार छापेमारी की। लेकिन पुलिस को अब तक हनीप्रीत के बारे में पुख्ता सुराग नहीं मिले हैं। डीजीपी बीएस संधू ने हनीप्रीत के नेपाल में होने की खबर से इंकार करते हुए कहा कि पुलिस के लिए आदित्य, हनीप्रीत सहित तमाम आरोपियों तक पहुंचना प्राथमिकता है।