घर जमाई बनकर रह रहे एक व्यक्ति ने ससुराल की जायदाद को हड़पने की लालच में अपने नाबालिग साले की तेजधार हथियार से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को अमृतसर के पास वल्ला नहर में फेंक दिया। मृतक साला 26 नवंबर से घर से लापता था। वहीं बटाला पुलिस ने मंगलवार को आरोपी जीजा के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस कर कत्ल की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है।
थाना सिविल लाइन बटाला में मंगलवार को आरोपी जीजा के खिलाफ हत्या का केस दर्जकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक फिलहाल पुलिस ने नहर का पानी बंद करवा दिया है और शव की तलाश की जा रही है। एएसआई हरपाल सिंह ने बताया कि इस मामले को लेकर मृतक कर्ण कुमार (15) के पिता सुखदेव पाल के बयान पर आरोपी जीजा नवजोत सिंह निवासी अमृतसर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पिता सुखदेव पाल ने बताया है कि वह हलवाई का काम करता है औैर कुछ साल पहले उसकी पत्नी की मौत हो गई थी। उसका लड़का कर्ण उसके साथ ही दुकान पर काम करता था। नवजोत सिंह ने उसकी लड़की से शादी की थी। बेटी और दामाद नवजोत सिंह उनके साथ पिछले दो वर्षों से बटाला के मोहल्ला घोंसपुरा घर में ही रह रहे थे।
आरोपी जीजा उनके घर पर कब्जा करना चाहता था और इस काम में वह अपने साले कर्ण कुमार को रास्ता का रोड़ा समझता था। योजनाबद्ध तरीके से नवजोत सिंह कर्ण कुमार को घुमाने के बहाने से बाइक पर अमृतसर ले गया। वहां वल्ला नहर के पास उसने कर्ण का कत्ल कर शव को नहर में फेंक दिया। वहीं हत्या से अनजान पारिवारिक सदस्यों ने पुलिस को 28 नवंबर को कर्ण की लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
जांच अधिकारी एएसआई हरपाल सिंह ने बताया कि वैज्ञानिक ढंग से की गई जांच में पता चला कि आरोपी जीजा नवजोत सिंह के फोन की आखिरी लोकेशन वल्ला नहर के पास मिली, जिससे उन्हें इस कत्ल की गुत्थी को सुलझाने में सफलता मिली है। एएसआई ने आगे बताया कि फिलहाल नहर का पानी बंद करवा दिया गया है और शव की तलाश की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को भेज दिया गया है।