गर्भवती होने पर एनआरआई को किया ब्लैकमेल, डीएनए में निकाल किसी और का बच्चा
पुलिस ने तीन बहनों के खिलाफ दर्ज किया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
गर्भवती होने पर एनआरआई से लाखों की धोखाधड़ी और ब्लैकमेल करने के मामले में पुलिस ने सेक्टर-14 थाने में मोहाली निवासी तीन बहनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कनाडा में रहने वाले एनआरआई ने डीएनए में उसका बच्चा न होने पर ई-मेल के जरिये पंचकूला पुलिस को मामले की शिकायत दी है।
कुछ महीने पहले कनाडा के एनआरआई अनिल अपनी बहन के यहां मोहाली में रहने आया था। इसी दौरान वहां रहने वाली एक महिला से उसका अफेयर हो गया। महिला ने अनिल को बताया कि वह गर्भवती हो गई है और बच्चा उसका है। कुछ दिन पहले पंचकूला के सेक्टर-17 स्थित एक नर्सिंग होम में महिला ने बच्चे को जन्म दिया। इस दौरान पिता के नाम पर महिला ने एनआरआई का नाम लिखवा दिया और फिर अनिल से रुपये मांगे। बार-बार मोटी रकम मांगे जाने से तंग आकर अनिल ने महिला से कहा कि बच्चे को वह गोद ले लेगा और उसे भी साथ कनाडा चलने को कहा। इस पर महिला मान गई। इस दौरान उसने महिला के डीएनए की जांच कराई। जांच रिपोर्ट में सनसनीखेज खुलासा हुआ। यह बच्चा एनआरआई का नहीं बल्कि किसी और का निकला। रुपयों की इस वसूली में महिला की दो बहनों ने भी आरोपी महिला का साथ दिया। पुलिस को जैसे ही मामले की ई-मेल से शिकायत मिली। सभी पहलुओं की छानबीन के बाद मोहाली में रहने वाली तीन बहनों हरजिंदर, लखविंदर और जसविंदर कौर के खिलाफ धोखाधड़ी और ब्लैकमेल करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।