जिले के एक गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक व्यक्ति ने 11 वर्षीय लड़के को अगवा करने के बाद गांव के स्कूल में ले जाकर उसके साथ पहले कुकर्म किया और फिर बाद में उसे जिंदा जला दिया। घटना के अगले ही दिन पुलिस ने कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि इस कत्ल की गुत्थी स्कूल में लगे सीसीटीवी फुटेज की हवाले से सुलझ पाई है। आरोपी की पहचान भी हो गई है।
एसएसपी हरमनबीर सिंह गिल ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि एक की गांव की महिला ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई थी कि करीब ढाई साल पहले उसके पति की मौत हो चुकी है और उसके तीन बेटे है। महिला के अनुसार वह मेहनत मजदूरी करके अपने बच्चों का पालन कर रही है।
बीची 22 मार्च को वह अपने घर का कचरा फेंकने के लिए गांववासी एक व्यक्ति के घर से रेहड़ी लेकर आई थी। इस दौरान दोपहर करीब 12 बजे उसका 11 वर्षीय बेटा रेहड़ी लौटाने गया था। वह देर शाम तक घर नहीं लौटा। इसके बाद उसने अपने स्तर पर बेटे की तलाश शुरू की तो उसी के देवर व देवरानी ने उसे बताया कि 22 मार्च की शाम को वह किसी के घर से काम करके लौट रहे थे तो गांव के हाईस्कूल के पास उन्होंने किसी बच्चे के चिल्लाने की आवाज सुनी थी। यहीं से शक बढ़ा और उसने पुलिस को सूचित करने समेत अपनी गली में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगालना शुरू कर दिया।
इस दौरान पता चला कि उन्हीं के पड़ोस में रहने वाला एक युवक उनके बेटे को अपने साथ लेकर जा रहा है। इसके बाद उसी रास्ते के कैमरे चेक करने पर पता चला कि आरोपी उसके लड़के को अपने साथ गांव के सरकारी हाईस्कूल में ले गया और वहां पर उसके साथ कुकर्म करने के बाद सबूत न छोड़ने की मंशा से उसे जिंदा जला दिया। पुलिस को मदद से उक्त महिला ने स्कूल से लड़के का जला हुआ शव बरामद किया, और इसके बाद पुलिस ने आरोपी को भी काबू कर लिया।
आरोपी ने पुलिस की पूछताछ दौरान अपना गुनाह भी कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस वे आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर पूछताछ शुरू कर दी है। एसएसपी के अनुसार आरोपी 12वीं कक्षा पास है और कुंवारा है। वहीं प्राथमिक जांच में सामने आया है कि करीब एक माह पहले भी आरोपी ने अपने पड़ोस में रहने वाले एक किशोर के साथ कुकर्म का प्रयास किया था। मामला गर्माने पर गांव की पंचायत ने दोनों पक्षों में समझौता करवाकर मामले को ठंडा कर दिया था।