पखोवाल रोड स्थित गैंस एजेंसी पर धावा बोल चोरों ने 11 लाख की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर शटर का ताला तोड़कर एजेंसी के ऑफिस में घुसे और अलमारी का लॉक तोड़कर नकदी चोरी कर ली। एजेंसी के ऑफिस के साथ दो और ऑफिस थे लेकिन वहां से सिवाय लैपटॉप के कुछ नहीं मिला।
सूचना के बाद एसीपी (वेस्ट) गुरप्रीत सिंह और थाना डिवीजन नंबर-5 के अंतर्गत चौकी कोचर मार्केट की पुलिस पहुंच गई। एजेंसी के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे। कैमरे की फुटेज में चोरी करने आए दो युवक नजर आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता शिव कुमार शर्मा ने बताया कि उनकी नीरजा गैस एजेंसी है। इसका पखोवाल मेन रोड स्थित कांप्लेक्स की पहली मंजिल पर ऑफिस है। मंगलवार देर शाम को वह अपना ऑफिस बंद करके चले गए थे। जब बुधवार सुबह उन्हें पता चला कि कांप्लेक्स के मेन गेट के शटर का लॉक टूटा हुआ था।
चोरों ने तीन ऑफिस के ताले तोड़े हैं। पहले चोर सेखों एसोसिएट के ऑफिस में घुसे, जहां कुछ नहीं मिला। इसके बाद चोर गैस एजेंसी के ऑफिस में गए जहां चोरों ने अलमारियों के लॉक तोड़कर 11 लाख की नकदी चुरा ली। वहां चोरी करने के बाद वह दूसरी मंजिल पर बने एमबी सॉल्यूशन के ऑफिस में घुसे। जहां से चोरों ने एक लैपटॉप चोरी किया।
एजेंसी मालिक की बेटी की थी सगाई
गैस एजेंसी के मालिक ने बताया कि 1 जुलाई को उनकी बेटी की सगाई है। उन्होंने दो लाख रुपये बैंक से खरीददारी के लिए निकलवाए थे। उन्होंने पैसे एजेंसी के ऑफिस में ही रख दिए थे। इसके अलावा दो दिनों की सेल के पैसे भी अभी एजेंसी में रखे हुए थे।
सीसीटीवी कैमरे में नजर आए दो युवक
एजेंसी में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे। उन कैमरों में आरोपियों की हरकतें कैद हो गई है। फुटेज के मुताबिक चोर एक घंटे तक ऑफिस के अंदर रहे।
एसीपी वेस्ट गुरप्रीत सिंह ने बताया कि गैंस एजेंसी के मालिक की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की जा रही है। सीसीटीवी की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।