पंचकूला के गांव गढ़ी कोटाहा में एक युवक का शव खेत में मिला है। जानकारी के अनुसार गांव गढ़ी कोटाहा का रहने वाला प्रिंस (24) पुत्र गुरनाम सिंह जो कि पंजाब प्रांत में दप्पर गांव के पास एक प्राइवेट फैक्टरी में काम करता था। रोज की तरह मंगलवार शाम को वह घर से फैक्टरी जाने के लिए निकला था, लेकिन उसका शव बुधवार को गढ़ी कोटाहा गांव के खेत से मिला है। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस व उसे परिजनों को दी।
घटना की सूचना मिलते ही रायपुररानी थाना के एसएचओ वृषभान सिंह, एसीपी दिलीप कुमार व सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटना का जायजा लिया। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर फिंगर प्रिंट लिए और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल, सेक्टर-6, पंचकूला पहुंचाया। एसएचओ वृषभान ने बताया कि मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा है कि मैं टीबी की बीमारी से तंग होकर जीवन लीला समाप्त कर रहा हूं। मेरे बाद मेरे किसी परिजन व रिश्तेदार को परेशान न किया जाए।
बता दें कि प्रिंस के पिता गुरनाम की पहले ही कैंसर की बीमारी से मौत हो चुकी है। वह अपनी माता जी के साथ अकेला रहता था। वह फैक्टरी में नौकरी करके घर चला रहा था। प्रिंस अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन है जो शादीशुदा है। प्रिंस की सगाई बरवाला खंड के गांव ढंढारड़ू में कुछ समय पहले तय हुई थी और शादी 5 मार्च को होनी थी। प्रिंस की मौत के बाद उसकी मां पूरी तरह बेसुध है। सवाल यह है कि प्रिंस की माता अपनी जीविका कैसे चलाएगी। लोगों ने प्रशासन से प्रिंस की माता की मदद करने की मांग की है। वहीं लोगों का कहना है पुलिस प्रिंस की मौत की जांच करे कि कहीं यह हत्या का मामला तो नहीं है। हो सकता है कि सुसाइड नोट किसी ने लिखकर शव के पास छोड़ा हो।