एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट के पास एक्टिवा सवार दो युवकों ने प्रापर्टी डीलर की फार्च्यूनर को इशारे से रुकवा लिया और उसमें रखा दो सूटकेस चोरी कर फरार हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। सेक्टर 31 थाना पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
वारदात रविवार सुबह करीब 11 बजे की है। पुलिस को दी शिकायत में सतविंदर सिंह ने बताया कि उसका प्रापर्टी डीलर का काम है। वह सेक्टर 33 स्थित अपने रिश्तेदार के घर किसी काम से आए थे। सुबह करीब 11 बजे वह रिश्तेदार गुरप्रीत सिंह और उसकी माता परमजीत कौर के साथ गाड़ी से जीरकपुर जा रहे थे।
एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट क्रास करते ही एक्टिवा सवार दो युवकों ने उनके गाड़ी के बोनट की तरफ इशारा किया जिससे गाड़ी को साइड में लगाकर बोनट खोलकर चेक करने लगे तभी युवक गाड़ी में रखे दो सूटकेस लेकर फरार हो गए। शिकायतकर्ता के अनुसार सूटकेस में जरूरी कागजात थे। बता दें, कि शनिवार को भी ट्रिब्यून चौक के पास बाइक सवारों ने कार चालक को तेल लीकेज का झांसा देकर उनकी कार रुकवाई और फिर आईपैड चोरी कर फरार हो गए थे।