देश के एक क्रिकेटर बहुत जल्दी विवाद बंधन में बंधने जा रहे हैं। उनकी हमसफर एक बॉक्सर बनेंगीं, शादी और इसकी तारीख तय हो गई है। पंजाब में अबोहर हलके के गांव वरियामखेड़ा निवासी क्रिकेटर एवं सीसीएल के कप्तान अशोक पूनिया बहुत जल्द हिसार निवासी बॉक्सर पूजा सिंह से विवाह करेंगे। दोनों की शादी दिसंबर में होगी।
सीसीएल पंजाब ग्रीन के कैप्टन अक्की अशोक पूनिया अगले वर्ष भी खेलेंगे। वहीं बॉक्सर पूजा सिंह भी आस्ट्रेलिया में होने वाले एशियाई गेमों में हिस्सा ले सकती हैं। यह समाचार मिलते ही उनके गांव वरियामखेड़ा में खुशी की लहर दौड़ गई है।
ज्ञात हो कि गांव वरियामखेड़ा निवासी हनुमान प्रसाद पूनिया के पुत्र अक्की अशोक पूनिया ने प्राइमरी तक की शिक्षा अपने गांव से प्राप्त कर डीएवी कालेज अबोहर से बीए की है। इसके बाद उन्होंने 2010 में स्पोर्ट के क्षेत्र में कदम रखा। अक्की के पिता व बड़े भाई प्रवीण पूनिया गांव में ही खाद, बीज व पेस्टीसाइड का कारोबार करते हैं।
वहीं, हरियाणा के हिसार निवासी बॉक्सिंग प्लेयर पूजा सिंह अपनी चार बहनों व एक भाई में सबसे छोटी हैं। उनके पिता जिला जनसंपर्क कार्यालय में कार्यरत हैं। वहीं उनकी सबसे बड़ी बहन सोनू सिंह सरकारी टीचर हैं। दूसरी बहन सीमा सिंह टेनिस प्लेयर हैं, जबकि तीसरी बहन सोनिया सिंह एकेडमी चलाती हैं। चौथे नंबर पर नेशनल बॉक्सर पूजा सिंह क्रिकेटर अक्की अशोक पूनिया से इसी वर्ष विवाह बंधन में बंधने जा रही हैं।