पंजाब में कांग्रेस, सीपीआई और पीपुल्स पॉर्टी ऑफ पंजाब के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस हाईकमान और इन पार्टियों के नेताओं की मीटिंग के बाद यह फैसला हो गया है। जिसका औपचारिक ऐलान जल्द होगा। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस प्रधान प्रताप सिंह बाजवा ने वीरवार को दी।
उन्होंने बताया कि बठिंडा से पीपीपी के मनप्रीत बादल चुनाव लड़ेंगे। जबकि, फरीदकोट सीट सीपीआई के खाते में जाएगी। पार्टी जल्द वहां से अपने उम्मीदवार का ऐलान करेगी।
बाकी सीटों पर दोनों पार्टियां कांग्रेस का समर्थन करेंगी। उन्होंने बताया कि सीपीएम और अकाली दल लोंगोवाल के साथ भी बैठकें लगातार जारी हैं। उम्मीद है कि इन दोनों दलों के साथ भी पार्टी का समझौता हो जाएगा। बाजवा ने बताया कि शुक्रवार को केंद्रीय चुनाव कमेटी की बैठक में कुछ उम्मीदवार का नाम तय होना संभव है।
प्रदेश के पदाधिकारियों की जल्द ही विशेष मीटिंग बुलाई जाएगी। बाजवा ने कहा कि अगर मनप्रीत बठिंडा से लड़ते हैं तो बादल पिता-पुत्र वहां बंध जाएंगे।
एक सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर पार्टी कहेगी तो वह गुरदासपुर से चुनाव लड़ेंगे। बाजवा ने माना कि आप का असर दो-तीन सीटों पर दिख रहा है। एक-दो जगह उन्हें आंशिक नुकसान होगा, तो एक-दो जगह फायदा भी होगा।