चंडीगढ़। लोहड़ी का पर्व 13 जनवरी को है। शहर भर में यह पर्व मनाया जाएगा। लोहड़ी के लिए श्रद्धालुओं को सेक्टर 45 स्थित गौरी शंकर सेवादल गोशाला प्रबंधन गाय के गोबर से बने उपले प्रदान करेगा। इसके लिए तैयारियां जारी हैं। गौरी शंकर सेवादल के उपाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि पांच हजार से भी अधिक उपले तैयार किए जा रहे हैं।
गोबर में हवन सामग्री, पीली सरसों व गोशाला में चढ़नेवाले फूलों की पंखुड़ियाें को भी मिलाया जा रहा है। विनोद कुमार ने बताया कि गाय के गोबर से हवन करने से नकारात्मकता समाप्त होकर सकारात्मक ऊर्जा आती है। लोहड़ी से पहले श्रद्धालुओं को चार चार उपले दिए जाएंगे ताकि वे अपने घरों में लोहड़ी मनाने के लिए इसका उपयोग कर सके। गोशाला में उपले बनाने का काम चल रहा है।
मंदिरों में होगी लोहड़ी...
श्री देवालय पूजक परिषद चंडीगढ़ के अध्यक्ष डॉ. लाल बहादुर दुबे ने बताया कि 13 जनवरी को लोहड़ी का त्योहार मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शाम को अग्नि की पूजा के बाद परिक्रमा कर अग्नि प्रज्ज्वलित की जाएगी। इस दौरान रेवड़ी, गजक और मूंगफली अग्निदेव को समर्पित किया जाता है। ढोल बजाकर खुशी मनाई जाती है। उन्होंने बताया कि सभी मंदिरों में लोहड़ी पर्व मनाया जाएगा।