हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में विधायकों को बिना कोरोना टेस्ट के प्रवेश मिलेगा। सत्र के लिए इस बार विधायकों की कोरोना जांच नहीं कराने का फैसला लिया गया है। प्रवेश से पहले विधायकों की सिर्फ थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। तामपान अधिक होने पर ही प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। यह जानकारी देते हुए विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने बताया कि सत्र के दौरान कोविड के सभी नियमों का पालन होगा।
विधायक अलग-अलग सीट पर ही बैठेंगे। उन्होंने शुक्रवार को विधानसभा की कैंटीन का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाएं जांचने के साथ ही और बेहतर करने के सुझाव दिए। बजट सत्र में विपक्ष कच्चे कर्मचारियों का मुद्दा भी उठाने वाला है। इसलिए सरकार ने भी तैयारी शुरू कर दी है।
सभी विभागों, बोर्ड, निगम व अन्य संस्थानों से कच्चे कर्मियों का ब्योरा मांगा गया है। सभी विभागाध्यक्ष को एक मार्च तक यह रिपोर्ट मुख्य सचिव कार्यालय को भेजनी होगी। इसमें बताना होगा कि आउटसोर्सिंग पॉलिसी पार्ट-1 व पार्ट-2 के तहत कितने कर्मचारी अनुबंध पर कार्यरत हैं। इसके अलावा अन्य जानकारी भी मांगी गई है।