उधर, धन्वंतरि आयुर्वेदिक कॉलेज से ठीक होने के बाद चार कोरोना पॉजिटिव मरीजों को बुधवार को डिस्चार्ज कर दिया गया। इन मरीजों में बापूधाम की तीन महिलाएं और खुड्डा अलीशेर का एक पुरुष शामिल है।
पीजीआई के दो डॉक्टर क्वारंटीन
पीजीआई में बुधवार को पेट में एप्सिस का इलाज करा रहे एक कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आने के बाद दो डॉक्टरों को क्वारंटीन कर दिया गया। पीजीआई से मिली जानकारी के अनुसार, इलाज से पहले मरीज का कोरोना टेस्ट किया गया तो उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इससे पहले वह मरीज इमरजेंसी के हॉल सी में भी भर्ती था, जहां पर काफी संख्या में मरीज मौजूद थे। ऐसे में उन मरीजों को भी इस मरीज के पॉजिटिव आने से खतरा होने की आशंका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मरीज को कोविड टेस्ट व शुरुआती इलाज के बाद एडवांस ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। मरीज की हालत नाजुक देख उसके पेट से पस निकाला गया। इसके बाद उसकी रिपोर्ट पॉजिटव आ गई। ऐसे में पीजीआई की ओर से दो डॉक्टरों के सैंपल लेकर उन्हें क्वारंटीन कर दिया गया है लेकिन पीजीआई ने उन लोगों को अभी ट्रेस नहीं किया है, जो लोग इस मरीज के संपर्क में आए थे। ऐसी स्थिति में पीजीआई इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर में ड्यूटी कर रहे डॉक्टरों और अन्य स्टाफ के साथ ही वहां भर्ती मरीजों पर भी संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है।
पंचकूला में भी बढ़ी संक्रमण की रफ्तार, दो और पॉजिटिव मिले
पंचकूला में मंगलवार को नौ केस मिलने के बाद बुधवार को दो और केस मिले। दोनों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करवाया गया है। इसकी पुष्टि पंचकूला सिविल अस्पताल की सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने की। दो नए केस आने से अब जिले में संक्रमितों की संख्या 50 हो गई है। इनमें से 26 ठीक होकर घर लौट गए हैं और 17 केस सक्रिय हैं।
सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि सेक्टर-8 में 55 वर्षीय व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। वह 8 जून को सैंपल देकर गए थे। कोरोना की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सेक्टर-8 के 55 वर्षीय निवासी व्यक्ति को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया। वहां उनकी काउंसलिंग के साथ इलाज किया जा रहा है।
दूसरा केस सेक्टर-16 का है। वहां की 30 वर्षीय महिला ने 8 जून को एक निजी अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। उसके बाद उसकी तबीयत खराब थी। औचक जांच के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैंपल लिए। जांच रिपोर्ट में कोरोना की पुष्टि होने के बाद महिला को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है। वहीं बच्चे को भी निगरानी में रखा गया है।
चक्रवर्ती अस्पताल दो दिन के लिए बंद
पंचकूला सिविल अस्पताल के नोडल अधिकारी डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि सेक्टर-16 की महिला जिसने सेक्टर-10ए के चक्रवर्ती अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था, उसे दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है। पूरे अस्पताल को सैनिटाइज करने के बाद दोबारा खोला जाएगा। वहीं दोनों के संपर्क में आने वाले 50 लोगों की लिस्ट बनाई जा चुकी है। इन सभी के सैंपल लिए जाएंगे।
पंचकूला सिविल अस्पताल की सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि पंचकूला में महाराष्ट्र, गुजरात सहित अन्य किसी भी दूसरे राज्य से आने वाले लोग स्पेशल फ्लू वार्ड में आकर अपना टेस्ट जरूर कराएं। वहीं अगर उन्हें किसी प्रकार की असुविधा होती है तो वह इसकी जानकारी हेल्पलाइन नंबर पर दे सकते हैं। एंबुलेंस उन्हें घर से लाकर उनका टेस्ट करेगी।
बुधवार को पंचकूला में दो कोरोना के मामले सामने आए हैं। सभी को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है। डॉक्टरों की टीम सभी की देखरेख कर रही है। डॉ. जसजीत कौर, सीएमओ, पंचकूला स्वास्थ्य विभाग।
मोहाली में तीन नए पॉजिटिव मिले
मोहाली में बुधवार को तीन कोरोना पॉजिटिव केस आए हैं। इनमें से एक केस नयागांव का और दूसरा डेराबस्सी सब डिवीजन के गांव मुबारिकपुर का है, जबकि तीसरा खरड़ में हैदराबाद से विमान से लौटा एक व्यक्ति है। जिले में अब कोरोना एक्टिव मरीजों की कुल संख्या 140 हो गई हैं। इनमें से तीन मरीजों की मौत हो चुकी है। जबकि सक्रिय मरीजों की संख्या 25 हो गई है।
सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने तीनों केसों की पुष्टि करते हुए बताया कि कोरोना पीड़ितों के संपर्क में आए लोगों की पहचान की जा रही है। तीनों मरीजों को ज्ञान सागर अस्पताल (बनूड़) में भर्ती करवाया गया है। इनके इलाके को सील कर दिया गया है। सैनिटाइजेशन मुहिम चल रही है।
खरड़ में हैदराबाद से आया व्यक्ति निकला कोरोना पॉजिटिव
लॉकडाउन की छूट मिलते ही लोगों के एक राज्य से दूसरे राज्य में आने-जाने की पाबंदी खत्म होते ही बहुत से लोग इधर-उधर सफर करने लगे हैं। इसका असर भी अब दिखने लगा है। इसके मद्देनजर खरड़ में बुधवार शाम झुगियां रोड पर पालम एनक्लेव में एक दुकान की फर्स्ट फ्लोर पर रह रहे 29 वर्षीय एक व्यक्ति पॉजिटिव आया है। वह हैदराबाद का रहने वाला है। उसे ज्ञान सागर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वह मोरिंडा में ट्रैक्टर फैक्ट्री में इंजीनियर है।
मिली जानकारी के मुताबिक कोरोना पीड़ित व्यक्ति तीन दिन पहले रविवार को ही विमान से हैदराबाद से चंडीगढ़ आया था। चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसका कोरोना टेस्ट का सैंपल लिया। जिसकी रिपोर्ट खरड़ स्वास्थ्य विभाग को बुधवार को मिली। जिस पर खरड़ के एसएमओ डॉ. तरसेम सिंह ने कार्रवाई करते हुए व्यक्ति को एंबुलेंस की सहायता से आइसोलेशन सेंटर में शिफ्ट किया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग इसकी चेन तलाशने में जुट गया है।
खरड़ के निकट गांव ओजला में स्थित सन्नी एनक्लेव-2 में रह रहे व्यक्ति की रिपोर्ट मंगलवार को पॉजिटिव आई थी। मंगलवार देर रात स्वास्थ्य विभाग की टीम ने करीब 11 बजे उसे एंबुलेंस से ज्ञान सागर अस्पताल भेजा। वह व्यक्ति कश्मीर का रहने वाला है और यहां खरड़ में शिवजोत एनक्लेव में रेस्टोरेंट चलाता है।
कुछ दिन पहले उसे जुकाम-बुखार आने पर उसका सरकारी अस्पताल फेस-6 मोहाली में टेस्ट हुआ था। जहां उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसकी तलाश शुरू की गई। खरड़ में सन्नी एनक्लेव कई सेक्टरों में फैला है, जिस कारण स्वास्थ्य विभाग और पुलिस को मंगलवार को कई घंटे लग गए। स्वास्थ्य विभाग ने उसके दो दोस्तों के सैंपल भी लिए हैं।
नयागांव में एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव, परिवार होम क्वारंटीन, 50 घरों में किया सर्वे
नयागांव में एक व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। पॉजिटिव आया व्यक्ति खांसी-जुकाम की शिकायत होने पर मंगलवार को खुद ही स्वास्थ्य विभाग के कैंप में जांच करवाने पहुंचा था। बुधवार सुबह व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर विभाग की टीम ने इलाके में डेरा डाल दिया। टीम ने संक्रमित व्यक्ति के घर दशमेश नगर पहुंचकर उसकी पत्नी और दो बच्चों को होम क्वारंटीन किया है। वहीं, मरीज के आसपास के 50 से अधिक घरों का सर्वे किया।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि दशमेश नगर निवासी 39 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति कुछ दिन पहले तबीयत खराब होने पर नयागांव की डिस्पेंसरी में दवाई लेने आया था। उस समय उसे खांसी-जुकाम के साथ हल्का बुखार था। इसके बाद वहां पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मचारी जसपाल ने उसे कोरोना टेस्ट करवाने को कहा।
इलाके में एसएमओ कुलजीत कौर की अगुवाई में डॉ. संजय, डॉ. वशिष्ट, बहादुर सिंह और जसपाल ने सर्वे किया। उन्होंने लोगों से कहा कि अगर कोई व्यक्ति खांसी, बुखार या जुखाम से ग्रस्त है तो वह तुरंत कोरोना टेस्ट करवाए। बता दें कि यह व्यक्ति मुंशी का काम करता है। 30 मई को चंडीगढ़ किसी प्राइवेट जगह पर एमआरआई करवाई थी और पंचकूला सेक्टर-9 में अपने काम पर भी गया था। जांच की जा रही है कि यह व्यक्ति कोरोना से कैसे ग्रसित हुआ है।