लंबे समय बाद कोरोना वायरस का हॉटस्पॉट बन चुके सेक्टर-26 स्थित बापूधाम से अच्छी खबर आई है। यूटी प्रशासन ने मंगलवार को बापूधाम कॉलोनी के छह इलाकों को खोल दिया है। इससे वहां रहने वाले हजारों लोगों ने राहत की सांस ली है। इन इलाकों में आज तक एक भी कोरोना का केस नहीं आया था। जानकारी के अनुसार, आने वाले दिनों में बापूधाम के कुछ और हिस्से खोले जाएंगे।
प्रशासन की तरफ से जारी आदेशों के अनुसार, बापूधाम के पॉकेट नंबर 2, 3, 9, 17, 18, 19 को खोल दिया गया है। इन पॉकेट्स में रहने वाले लोग अब अपने व्यवसाय या नौकरी पर जा सकते हैं। स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की स्टेट एग्जीक्यूटिव कमेटी के चेयरपर्सन मनोज परिदा की ओर से यह आदेश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने बीते दो मई को शहर के छह इलाकों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया था। चार मई के आदेश में बापूधाम के कई इलाकों को बफर जोन में डाला गया था और यहां सख्ती बढ़ा दी गई थी।
नगर निगम के कमिश्नर, जिला मजिस्ट्रेट, एसएसपी, डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज, डब्ल्यूएचओ के प्रतिनिधियों को मिलाकर कमेटी बनाई गई थी। अब यहां की सामान्य स्थिति को देखने के बाद बापूधाम के छह पॉकेट्स को बफर जोन से बाहर कर दिया गया है। हालांकि यहां के लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क लगाने की शर्तों को पूरा करना होगा। परिदा की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि मेडिकल टीमों की स्क्रीनिंग व मॉनिटरिंग इलाके में लगातार जारी रहेगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।