मां-बाप ने पहले बेटे और बेटी को जहर देकर मारा और उसके बाद दोनों खुद भी फंदे पर झूल गए। पति की तो मौत हो गई है, वहीं पत्नी जिंदगी और मौत से जूझ रही है। घटना हरियाणा के पानीपत जिले की है। सेक्टर 11 में रहने वाले व्यापारी के बेटे ने वीरवार की रात को अपने बेटे व बेटी को जहर देकर मार डाला। फिर पत्नी के साथ फंदा लगा लिया।
पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी का वजन अधिक होने से चुन्नी टूट गई और नीचे गिरकर बेहोश हो गई। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है। वहीं ऐसा कदम उठाए जाने के पीछे पारिवारिक कलह बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, मूलरुप से समालखा के रहने वाला 40 वर्षीय रितेश शहर के सेक्टर 11 में किराये के मकान में रहता है। उसके पिता की आयरन मिल है। रितेश पारिवारिक कलह के चलते इन दिनों परेशान था। इसलिए वीरवार की रात को उसने बच्चों को खाने में जहर मिलाकर दे दिया, फिर रितेश और उसकी पत्नी ने भी फांसी लगा ली। चांदनी बाग थाना पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में इस बात का खुलासा हुआ है कि बच्चों का गला दबाया गया है।