भारत खासकर पंजाब में फंसे कनाडा के 15 हजार लोग जल्द ही अपने देश लौट सकेंगे। इसके लिए दिल्ली, मुंबई, चंडीगढ़ और अमृतसर एयरपोर्ट पर कनाडा सरकार की तरफ से विशेष विमान भेजे जाएंगे। कनाडा सरकार के सूत्रों के अनुसार, इनमें अधिकांश लोग पंजाब के हैं। ऐसे में ये लोग चंडीगढ़ और अमृतसर एयरपोर्ट आसानी से पहुंच सकते हैं। इसलिए इन दोनों एयरपोर्ट पर कनाडा से अधिक फ्लाइट आएंगी, जबकि शुक्रवार से दिल्ली और मुंबई के लिए भी पहली विशेष फ्लाइट शुरू की जा रही है। इसके बाद विमान पंजाब आएंगे।
कनाडा सरकार के मंत्री कैंपेन ने यह घोषणा भी की है कि भारत से आने वाले सभी कनाडावासियों को वापस आकर 14 दिन क्वारंटीन में रहना होगा। अगर उनके पास पैसा नहीं है तो वे अभी ऑनलाइन कर्ज के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए कनाडा सरकार ने एक वेबसाइट लिंक http://travel.gc.ca/travelling/reigstration जारी कर दिया है। कनाडा सरकार ने ऑनलाइन एयर टिकट की सुविधा भी अपने नागरिकों व पीआर वालों को जारी कर दी है।
कनाडा सरकार ने अपने 15 हजार लोगों के लिए भारत स्थित कनाडा दूतावास में एक हेल्प सेवा भी शुरू कर दी है। वहीं, ओटावा में 24 घंटे चलने वाली सेवा शुरू कर दी गई है। कनाडा सरकार ने हिदायत दी है कि ई-मेल के माध्यम से ही संपर्क करने की कोशिश करें। इसके लिए कनाडा सरकार ने अपनी वेबसाइट रजिस्ट्रेशन ऑफ कैनेडियन अब्रॉड को शुरू कर दिया है।
वहीं, ब्रैंप्टन से सांसद मनिंदर सिद्धू ने इस बारे में कनाडा के मंत्री कैंपेन से बात की थी कि भारत खासकर पंजाब में फंसे करीब 15 हजार लोग कनाडा लौटना चाहते हैं। सिद्धू ने बताया कि उनके आग्रह को कनाडा सरकार ने मान लिया है और शुक्रवार से विशेष फ्लाइट कनाडा से शुरू की जा रही है।