देश के विभिन्न हिस्सों में कोरोना योद्धाओं से दुर्व्यवहार पर पशु चिकित्सकों में भी गुस्सा है। भारतीय पशु चिकित्सा संघ ने बुधवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के व्हाइट अलर्ट व वीरवार को ब्लैक डे में शामिल होने का निर्णय लिया है। संघ ने सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों, सभी राज्यों के अध्यक्षों व महासचिवों को पत्र लिखकर कहा है कि व्हाइट अलर्ट में शामिल होकर बुधवार रात 9 बजे मोमबत्तियां जलाएं व जुलूस निकालें।
ऐसा कर कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहे डॉक्टरों, नर्स, पैरा मेडिकल स्टाफ के साथ की जा रही हिंसा का विरोध जताया जाएगा। स्वास्थ्य व अन्य कर्मचारी जान जोखिम में डालकर कोरोना को रोकने में लगे हैं और लोग उनके साथ बदसलूकी कर रहे हैं। संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिरंतन कादियान ने सरकार से मांग है कि मारपीट व दुर्व्यवहार के मामलों को देखते हुए अध्यादेश के जरिये कड़ा केंद्रीय कानून लाए।
साथ ही इस तरह की घटनाओं पर तुरंत रोक लगाने को उचित कदम उठाए जाएं। उन्होंने आयुर्वेद, होमियोपैथी व यूनानी चिकित्सा परिषद व उनके सदस्यों से भी रोष प्रदर्शन में हिस्सा लेने का आग्रह किया है। कादियान ने बताया को वीरवार को आईएमए के ब्लैक डे का भी पूरा समर्थन करेंगे। काला बिल्ला लगाकर कार्यालयों में काम किया जाएगा। चूंकि, सरकार अभी तक हिंसा के मामलों पर रोक लगाने में नाकाम रही है।