एएसआई हरजीत सिंह की प्लास्टिक सर्जरी करने वाली पीजीआई की 15 सदस्यीय टीम, मेडिकल अधिकारी मानसा और कोविड के विरुद्ध अगली कतार पर काम करने वाले 70 पुलिस कर्मचारियों को ‘डीजीपी ऑनर फॉर इग्जैमप्लरी सेवा टू सोसायटी’ अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
डीजीपी दिनकर गुप्ता ने बताया कि पीजीआई के प्लास्टिक सर्जरी विभाग के डॉक्टरों, टेक्निशियन और नर्सिंग स्टाफ की पूरी टीम द्वारा निष्ठापूर्वक काम करने के लिए सम्मानित करने का फैसला किया गया है, जिन्होंने 12 अप्रैल को एएसआई हरजीत सिंह का 8 घंटों से अधिक समय लगाकर सफलतापूर्वक सर्जरी की।
डॉक्टरों में विभाग के प्रमुख, प्लास्टिक सर्जरी पीजीआई डॉ. रमेश शर्मा, डॉ. सुनील गाबा और डॉ. जैरी आर जॉन (दोनों पीजीआई की प्लास्टिक सर्जरी टीम के सलाहकार), डा. सूरज नायर, डा. मयंक, डा. चंद्र और डा. शुबेंदू (सभी सीनियर रेजीडेंट), डा. अंकुर, डा. अभिषेक और डा. पुर्णिमा (अनेस्थीसिया टीम की सलाहकार और सदस्य), चंद्रकांता सैनी, नरेश गौतम (ओटी टैक्नीशियन) और एसएन अरविंद, एसएन स्नेहा और एसएन अर्श (नर्सिंग स्टाफ) शामिल थे।
डीजीपी ने बताया कि इनके अलावा डॉ. रणजीत राय मेडिकल अफसर पुलिस अस्पताल मानसा को बुढलाडा में कोविड-19 के संदिग्ध मरीजों की संपर्क ट्रेसिंग और तुरंत नमूने लेने में महत्वपूर्ण भूमिका के लिए ‘ऑनर एंड डिस्क’ के साथ सम्मानित करने के लिए चुना गया है। वहीं, डीजीपी ने बताया कि अगली कतार पर काम कर रहे 27 पुलिस जिलों में अलग-अलग रैंक के 70 पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा।
इनमें दो एएसपी, 22 डीएसपी, 7 इंस्पेक्टर, 13 सब-इंस्पेक्टर, 9 एएसआई और 17 एचसी / सिपाही शामिल हैं। गुप्ता ने बताया कि उक्त पुरस्कार विजेताओं का चयन पुलिस कमिश्नर और एसएसपी द्वारा पंजाब पुलिस और अन्य अधिकारियों द्वारा भेजे नामों की जांच के बाद पुरस्कार की दूसरी सूची के लिए किया गया है।