पंजाब के मोहाली जिले के कोरोना हॉटस्पॉट गांव जवाहरपुर से मंगलवार को राहत भरी खबर आई। सबसे पहले कोरोना पॉजिटिव पाए पंच ने कोरोना से जंग जीत ली है। इनके अलावा दो और लोग कोरोना से जीत गए हैं। अब मोहाली में कोरोना पीड़ितों की संख्या 64 है।इनमें से 30 लोग तंदरुस्त हो गए हैं, जबकि दो लोग कोरोना से अपनी जान गंवा चुके हैं।
मोहाली के सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि गांव में सबसे पहले संक्रमित हुए पंच मलकीत सिंह मंगलवार को ठीक हो गए। इसके अलावा दो और लोगों कोरोना से जंग जीतने में कामयाब रहे हैं। जवाहरपुर के करीब 14 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं। सभी लोगों को मोहाली के सेक्टर-70 स्थित क्वारंटीन केंद्र में 14 दिन के लिए रखा गया है।
बता दें कि जिला मोहाली में सोमवार को भी पांच लोगों ने कोरोना से जंग जीती थी। इनमें से दो लोग जवाहरपुर गांव से हैं। इन सभी लोगों को अब जिला स्तरीय क्वारंटीन केंद्र में भेजा गया है। सोमवार को ठीक होने वाले मरीजों में एकमवीर कौर (11 साल ), जगदीश कौर (76), हरजिंदर सिंह सिंह (26), सुरजीत कौर (53) व राजिंदर पाल शर्मा (73) शामिल हैं।
सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने लोगों से अपील की कि वे घरों से न निकलें, ताकि इस महामारी को मात दी जा सके। उन्होंने बताया कि क्वारंटीन सेंटर में और घर भेजे गए सारे मरीजों का मुआयना किया गया है। इसके अलावा बाकी मरीजों का इलाज चल रहा है और सभी की हालत ठीक है। इस मौके पर जिला एपीडोमोलिस्ट डॉ. रेनू सिंह भी हाजिर थीं।