फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंडीगढ़ में बापूधाम निवासियों का टूटा सब्र, बोले- कब तक खाएं आटा-चावल, बाहर जाने दो अब

Wed, 20 May 2020 11:03 AM IST
खुशबू गोयल अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
बापूधाम कॉलोनी में जमा हुए लोग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
पिछले 27 दिनों से सील बापूधाम के लोगों का आखिरकार मंगलवार को सब्र टूट पड़ा। लोगों में रोष था कि उनका क्या कसूर, इस कैद से आजादी कब मिलेगी, आटा और चावल से जिंदगी नहीं गुजरने वाली है। सैकड़ों की संख्या में लोग बापूधाम की गलियों में इकट्ठा हो गए। हालात बिगड़ते देख मौके पर एसडीएम समेत पुलिस पहुंच गई।
विज्ञापन


इसके बाद आला अधिकारियों ने किसी तरह लोगों के गुस्से को शांत करवाया। जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 1.30 बजे बापूधाम फेस-2 समेत आसपास के लोग सैकड़ों की संख्या में अचानक अपने घरों के बाहर निकल आए। यह देखकर मौके पर एसडीएम सुधांशु, डीएसपी दिलशेर सिंह चंदेल, सेक्टर 26 थाना प्रभारी नरेंदर पटियाल, चौकी इंचार्ज रोहिताश समेत अन्य पुलिस कर्मियों ने मोर्चा संभाला। इस दौरान लोगों में गुस्सा भी देखने को मिला।

सभी के जुबान पर एक ही सवाल था कि आखिरकार उन्हें कब तक अपने घरों में कैद रहना पड़ेगा, जबकि उनका एरिया बफरजोन में होने के बावजूद वह पिछले करीब 27 दिनों से अपने घरों में कैद है। प्रशासन राशन तो पहुंचा देता है, लेकिन इससे जिंदगी नहीं चलने वाली। करीब एक घंटे के बाद किसी तरह मामला शांत करवाकर लोगों को आश्वासन दिया गया कि जल्द से जल्द मसले का हल निकला जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

बापूधाम में 130 कोरोना संक्रमित मरीज

बता दें कि बीते 16 अप्रैल को बापूधाम में पहला कोरोना मरीज सामने आने के बाद लगातार कॉलोनी से मरीज सामने आने लगे। ऐसे में प्रशासन ने बापूधाम को कंटेनमेंट जोन घोषित कर एरिया सील किया है। इनमें कुछ हिस्सा कंटेनमेंट जोन, जबकि कुछ बफरजोन में आता है। पुलिस के अनुसार, बफरजोन में रहने वाले लोगों को कुछ राहत होती है। बापूधाम में अब तक 130 कोरोना मरीज मिल चुके हैं।

भीड़ की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
मंगलवार को सोशल मीडिया पर बापूधाम में इकट्ठा हुई भीड़ की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। वीडियो में साफ है कि सैकड़ों की संख्या में लोग अपने घरों के बाहर इकट्ठा हो गए। बताया गया कि कुछ जगहों पर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां भी उड़ीं। दोपहर बाद करीब 2.30 बजे तक मामले को शांत करवा दिया गया।

मूलगांव जाने की इजाजत दी जाए
लोगों की यह भी मांग रही कि जब उन्हें बापूधाम से बाहर जाने नहीं दिया जा रहा है तो उनकी स्क्रीनिंग कराकर उन्हें कम से कम अपने मूल गांव तक जाने की इजाजत दी जाए। पिछले काफी दिनों से बापूधाम में ऐसे कई लोग फंसे हुए हैं, जो अपने घर जाना चाहते हैं, लेकिन उन्हें कहीं भी जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें