पंजाब में कोरोना वायरस के प्रमुख हॉटस्पॉट बने मोहाली जिले के जवाहरपुर गांव में इस महामारी का प्रकोप नहीं थम रहा। रविवार को भी इस इलाके में चार लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। हालांकि यह सभी लोग पहले से कोरोना पीड़ित लोगों के करीबी संपर्क वाले हैं। बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना के 13 नए केसों की पुष्टि होने के बाद राज्य में पीड़ितों की संख्या 171 तक पहुंच गई है। इस बीच, नवांशहर में तीन मरीजों के ठीक होने की सुखद खबर भी है।
सेहत विभाग से जारी आंकड़ों के अनुसार, रविवार को मोहाली के जवाहरपुर में चार मरीजों के अलावा जालंधर जिले में 7 नए केस सामने आए। इनमें से 5 लोग पहले से कोरोना पीड़ितों के करीबी संपर्क वाले हैं जबकि निजामुद्दीन से लौटे एक जमाती को भी पॉजिटिव पाया गया है। एक अन्य केस, सांस लेने में गंभीर संक्रमण का है। फरीदकोट जिले में एक रोगी के करीबी को पॉजिटिव पाया गया है, जबकि कपूरथला जिले में भी एक व्यक्ति की रिपोर्ट पाजिटिव आई है।
521 संदिग्धों की जांच रिपोर्ट का इंतजार
रविवार तक राज्य में 4281 संदिग्ध लोगों के सैंपलों की जांच की गई, जिनमें से 3590 लोगों के सैंपल निगेटिव निकले, जबकि 521 लोगों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। राज्य में कुल 171 मरीजों में से अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं 23 लोग स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं।
संक्रमित लोगों की जिलेवार स्थिति
कोरोना प्रभावितों के जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, मोहाली में 54, जालंधर में 22, नवांशहर में 19, पठानकोट में 16, मानसा में और अमृतसर में 11-11, लुधियाना में 10, होशियारपुर में 7, मोगा में 4, रोपड़ और फरीदकोट में 3-3, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, बरनाला, पटियाला व कपूरथला में 2-2 और मुक्तसर में 1 व्यक्ति कोरोना संक्रमित है।
जिलेवार आंकड़े
मोहाली 53 मरीजों के साथ राज्य में सबसे चिंताजनक हालत में है। दूसरे नंबर पर नवांशहर के 19 मरीज हैं जिनमें से एक की मौत और 10 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। तीसरे नंबर पर पठानकोट में मरीजों की संख्या, एक मौत के साथ 16 हो चुकी है। वहीं, जालंधर जिले में 22 मरीजों में से एक की मौत और 4 मरीज ठीक हो चुके हैं।
बाकी जिलों में, मानसा व अमृतसर में 11-11 मरीजों में से अमृतसर में 2 मरीजों की मौत हो चुकी है। लुधियाना में भी 10 मरीजों में से 2 की मौत हो चुकी है जबकि होशियारपुर (7), रोपड़ (3) और बरनाला (2) में भी 1-1 मरीज की मौत हो चुकी है। अन्य जिलों में, मोगा में 4 और संगरुर, फतेहगढ़ साहिब, फरीदकोट, पटियाला में 2-2 और कपूरथला व मुक्तसर में 1-1 मरीज का इलाज चल रहा है।