एंबुलेंस पर महिला को सिविल अस्पताल लेकर जाते हुए सेहत कर्मी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सिविल अस्पताल में कोरोना संदिग्ध एक महिला पहुंची है। महिला जलालाबाद की दशमेश नगरी की रहने वाली है और सिरसा में एक कोरोना पॉजिटिव महिला के संपर्क में आई थी। कर्फ्यू लगने के बाद किसी तरह वह जलालाबाद पहुंची थी। सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. अंकुल उप्पल ने बताया कि उनके पास कोरोना संदिग्ध एक महिला आई है, जिसे उन्होंने अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया है और उसका सैंपल टेस्ट के लिए भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार महिला 19 मार्च को सिरसा में अपने बेटे के पास गई थी। 20 मार्च को बेटे की सालेहार कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी। 26 मार्च को कर्फ्यू लग गया। कर्फ्यू के बीच किसी तरह महिला सिरसा से जलालाबाद पहुंची। हालांकि उन्होंने इसकी जानकारी सिविल प्रशासन को नहीं दी थी।
31 मार्च को सिरसा की ही धार्मिक संस्था ने महिला के कोरोना पॉजिटिव महिला के संपर्क में आने की जानकारी दी। सिविल अस्पताल में संपर्क न होने पर उन्होंने एसडीएम जलालाबाद को सूचना दी। आज करीब सुबह सवा दस बजे आरआरटी टीम दशमेश नगरी पहुंची। उन्होंने महिला से पूरी जानकारी ली और घर के बाहर एकांतवास का स्टीकर लगा दिया।
जिला प्रशासन ने सिविल सर्जन को आदेश जारी किए कि उक्त महिला को जल्द अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा जाए। इसके बाद नोडल अधिकारी गुरप्रीत सिंह करीब 12:15 बजे दशमेश नगरी पहुंचे और महिला को अपने साथ अस्पताल ले गए। जबकि परिवार के बाकी सदस्यों को घर में ही रख कर चेकअप किया जा रहा है।