कर्फ्यू उल्लंघन में पुलिस ने की कार्रवाई।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
औद्योगिक शहर लुधियाना में सोमवार कोरोना पीड़ित की मौत के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। सबसे पहले सोमवार देर शाम को डीसी प्रदीप अग्रवाल ने होलसेल सब्जी मार्केट को मंगलवार और बुधवार के लिए बंद करने के आदेश जारी कर दिए है। होलसेल मार्केट में कुछ आढ़ती देर रात को सामान बेचने की कोशिश में जुट गए, वहीं मंगलवार की सुबह कुछ लोग वहां पर सब्जियां खरीदने भी पहुंच गए थे। ऐसे में पुलिस ने डंडा चलाकर सभी को खदेड़ा। मंगलवार सुबह से पुलिस ने कर्फ्यू का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अपनी सख्ती बढ़ा दी है।
गौर हो कि जैसे राज्य सरकार ने प्रदेश में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए कर्फ्यू लगाने की घोषणा की, इसके बाद पुलिस ने बाहर निकलने वाले लोगों पर जमकर डंडा बरसाना शुरू कर दिया। लोगों को पीटने के कई वीडियो वायरल होने के बाद सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इसका संज्ञान लेते डीजीपी को ऐसा करने से गुरेज करने के लिए कहा। इसके बाद शहर के चौराहों पर तैनात पुलिस बैकफुट पर आ गई, नतीजा यह निकला कि पुलिस की कम सख्ती को देखते आम लोगों ने घरों से बाहर निकलना शुरू कर दिया।
सोमवार की सुबह लुधियाना होलसेल सब्जी मंडी में हजारों लोग पहुंच गए। मंगलवार बाद दोपहर जैसे यह खबर आई कि अमरपुरा निवासी महिला की पटियाला के राजिंद्रा अस्पताल में मौत हो गई है और वह कोरोना से पीड़ित थी। उसका यात्रा इतिहास भी नहीं है। इसके बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। इसके बाद दोबारा फिर से सख्ती के आदेश जारी हो गए।
कर्फ्यू तोड़ने वाले पहुंचे ओपन जेल
मंगलवार की सुबह से धड़ल्ले से बाहर घूमने वाले आम लोगों पर पुलिस ने सबसे पहले अपना डंडा चलाना शुरू किया। डीसीपी अश्वनी कपूर सहित सभी आला अधिकारी मैदान में उतर आए। सभी चौराहों पर आने जाने वाले लोगों से सख्ती से पूछताछ शुरू की, जितने भी लोग बिना किसी कारण घूमते दिखे उन सभी को काबू कर ओपन जेल में बंद करने का काम शुरू किया गया। दोपहर तक पुलिस ने लगभग एक सौ लोगों को काबू कर ओपन जेल में बंद कर दिया है। ऐसे लोगों को देर शाम तक छोड़ा जाएगा।