लोगों की आमद और ज्यादा दबाव से निपटने के लिए राज्य सरकार ने प्रदेश की यूनिवर्सिटियों और लैबोरेटरियों को भी शामिल करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने छह संस्थाओं के लिए खर्चे चलाने और साजो-सामान के लिए 12 करोड़ रुपये की राशि को तत्काल मंजूरी दे दी है। इन संस्थाओं में रीजनल डिजीज डायगनॉस्टिक लैब, नॉर्थ जोन जालंधर, गुरू अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल यूनिवर्सिटी, लुधियाना, गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर, पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला, पंजाब बायोटे इंक्यूबेटर मोहाली और पंजाब फोरेंसिक लैब मोहाली शामिल हैं।
स्वास्थ्य केंद्रों को खुले बाजार से टेस्टिंग किटें खरीदने के निर्देश
आईसीएमआर से किटें न मिलने के कारण मुख्यमंत्री ने इन स्वास्थ्य केंद्रों को खुली मार्केट से टेस्टिंग के प्रयोग के लिए किटें खरीदने के निर्देश दिए, जिसका खर्चा राज्य सरकार उठाएगी। उल्लेखनीय है कि राज्य में रोजाना 2800 लोगों का टेस्ट हो रहा है। यह संख्या पिछले हफ्ते प्रतिदिन 1500 की अपेक्षा कहीं अधिक है।
प्राइवेट होटलों में भी बनेंगे एकांतवास
मुख्यमंत्री ने डिप्टी कमिश्नरों को निजी होटलों की सूची तैयार करने के आदेश दिए, जिनका प्रयोग भुगतान के आधार पर एकांतवास के लिए किया जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को कार्यशील/गैर- कार्यशील निजी अस्पतालों का रिकॉर्ड तैयार करने को भी कहा।
नांदेड़ से लौटे श्रद्धालुओं में 27 फीसदी कोरोना पॉजिटिव
देश के भीतर से पंजाब वापस लौटने वालों के बारे में मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र (नांदेड़) का हवाला देते हुए बताया कि वहां से अब तक वापस आए 1000 पंजाबियों में से 27 फीसदी व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होने कहा कि राज्य सरकार अब कोई ऐसा मौका पैदा नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि वापस लौटने वाले सभी लोगों को राज्य के एकांतवास केंद्रों में निश्चित दिनों के लिए रहना होगा।