पंजाब में कोविड-19 की टेस्टिंग में 7165 पुलिसकर्मी में से 17 पॉजिटिव पाए गए हैं। इस संबंध में डीजीपी दिनकर गुप्ता ने टेस्टिंग के निर्देश दिए थे। यह नमूने औचक लिए गए हैं। राज्य में कर्फ्यू/तालाबंदी में तीन महीनों से लगभग 48000 पुलिसकर्मी दिन-रात फ्रंटलाइन पर काम कर रहे हैं। गुप्ता ने बताया कि राज्य के औसतन दो प्रतिशत पॉजिटिव मामलों की तुलना में पुलिस फोर्स के कुल नमूनों के लगभग 0.9 प्रतिशत मामले पॉजिटिव पाए गए हैं। 17 पॉजिटिव मुलाजिमों को सिविल अस्पतालों में या कोविड केयर सेंटरों में क्वारंटीन किया गया गया है।
संगरुर में सबसे अधिक पॉजिटिव मिले
डीजीपी ने बताया कि 17 पॉजिटिव मामलों में से 14 जिला पुलिस के साथ संबंधित हैं, 2 (एक रसोइया समेत) स्टेट आर्म्ड पुलिस/ इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी) और एक पंजाब होमगार्डस (पीएचजी) का है। संगरूर में सबसे अधिक पॉजिटिव केस सामने आए हैं। गुप्ता ने कहा कि 12 जून तक इकट्ठा किए गए 7165 नमूनों में से 1868 टेस्ट निगेटिव पाए गए, जबकि 5280 के नतीजों का अभी इंतजार है। नमूने लेने की प्रक्रिया एक जून को शुरू हुई थी।
एक एएसआई गंभीर हालत में अमृतसर में भर्ती
डीजीपी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस में सभी एसएसपी /सीपी और आईजी रेंज को निर्देश दिए थे कि वह सभी पुलिस कर्मचारियों का आरटी-पीसीआर टेस्ट करवाएं, जोकि राज्य के 27 रेवन्यू/पुलिस जिलों के 400 से अधिक थानों में अग्रिम पंक्ति में तैनात हैं। डीजीपी ने हिदायत की कि वह पुलिस वाहनों के चालकों, जेलों की वैनों आदि के चालकों के नमूने लें।
एक कोविड पॉजिटिव एएसआई अमृतसर में गंभीर स्थिति में बताया गया है। हालांकि, वह विभाग द्वारा चलाए गए अभ्यास का हिस्सा नहीं था लेकिन डॉ. केके तलवार पूर्व निदेशक पीजीएमआईआर चंडीगढ़ के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा स्थापित किए विशेषज्ञ ग्रुपों द्वारा बढ़िया इलाज को यकीनी बनाने के लिए सभी प्रयास किये जा रहे हैं।