पीजीआई में अब तक कोरोना के 91 मरीज भर्ती हो चुके हैं, जबकि अभी 21 संदिग्धों की जांच रिपोर्ट आना बाकी है। चंडीगढ़ के 115 कोरोना पॉजिटिव मरीजों में से 21 ठीक होकर घर जा चुके हैं, जबकि एक कोरोना पॉजिटिव महिला की मौत हो चुकी है। शहर में अब तक कोरोना के 1713 संदिग्ध मरीज मिल चुके हैं। इनमें से 1576 की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
एहतियात: बापूधाम में ही कालोनी के लोगों को किया जाएगा क्वारंटीन
बापूधाम में बढ़ती कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या को देखते हुए यूटी प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। कालोनी में रहने वाले लोगों को क्वारंटीन करने के लिए कालोनी के ही सामुदायिक भवन को चिह्नित किया है। मंगलवार को एसडीएम सुधांशु गौतम ने अन्य अधिकारियों के साथ सामुदायिक भवन का दौरा किया। एसडीएम ने जरूरी व्यवस्थाओं को तत्काल पूरा करने के निर्देश भी दिए।
चंडीगढ़ की बापूधाम कालोनी कोरोना बम बनकर उभरा है। प्रतिदिन कालोनी में संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। एहतियातन प्रशासन ने कालोनी को सील कर दिया है, साथ ही सीआरपीएफ की भी तैनाती कर दी गई है। हालांकि प्रशासन के ये सारे प्रयास शहर को सुरक्षित करने के लिए किए जा रहे हैं। मंगलवार को प्रशासन की ओर से तय किया गया कि बापूधाम के लोगों को कालोनी के सामुदायिक भवन में ही क्वारंटीन किया जाए। एसडीएम सुधांशु गौतम द्वारा सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने जरूरी व्यवस्थाओं को पूरा करने के भी निर्देश दिए।