फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus: चंडीगढ़ की संक्रमित युवती की हालत में सुधार, 119 के संपर्क में आई थी, तलाश जारी

Fri, 20 Mar 2020 01:46 AM IST
ajay kumar रिशु राज सिंह, अमर उजाला, चंडीगढ़/मोहाली
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर। - फोटो : PTI
विज्ञापन

23 वर्षीय युवती के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद से सेक्टर-21 समेत शहरवासियों में दहशत का माहौल है। युवती के ट्रेसिंग कांटेक्ट के अनुसार रविवार से बुधवार तक वह 119 लोगों के संपर्क में आ चुकी थी। वह लोग कितने और लोगों के संपर्क में आए हैं, इसकी अभी तक जानकारी नहीं मिल पाई है। अब प्रशासन सभी की ट्रेवल हिस्ट्री निकालने में जुटा है।

विज्ञापन


प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, युवती तीन दिन तक शहर के कई लोगों के संपर्क में रही। माता-पिता, भाई, घर में काम कर रहे नौकर, ड्राइवर, माली आदि को ‘फर्स्ट बाउंड्री लिस्ट’ में रखा गया है। युवती के सीधे संपर्क में 12 लोग आए हैं, जबकि 70 लोग युवती के भाई और पिता के संपर्क में आए हैं और 19 लोग युवती के सीधे संपर्क में आए।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, युवती के कजन को बच्चा हुआ है, वह उसे भी देखने जा रही थी लेकिन कजन ने पहले चेकअप कराने के लिए कहा। पहले चेकअप में कोरोना के संक्रमण की जानकारी सामने नहीं आई। इसके बाद फिर युवती ने टेस्ट कराया तो कोरोना पॉजिटिव आया। 
विज्ञापन


युवती ने 99 फीसदी रिकवर किया: स्वास्थ्य सचिव
स्वास्थ्य सचिव अरुण कुमार गुप्ता ने कहा की कोरोना से पीड़ित चंडीगढ़ की 23 वर्षीय युवती की स्थिति फिलहाल बेहतर है। वह 99 फीसदी रिकवर कर चुकी है। गुरुवार को युवती ने कहा कि वह ठीक है और घर जाना चाहती है लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर अभी उसे की जीएमसीएच-32 में ही रखा गया है।

जो भी युवती के संपर्क में आया, वह अपनी जांच कराए: एडवाइजर
जानकारी के अनुसार, घर में काम करने वाले नौकर पंचकूला के गांव खड़क मंगोली के रहने वाले हैं जबकि ड्राइवर जीरकपुर का रहने वाला है। नौकर, माली और ड्राइवर कहां-कहां गए, कितने लोगों के संपर्क में आए हैं, यह भी अभी पता करना बाकी है। इसलिए एडवाइजर मनोज परिदा ने गुरुवार को शहरवासियों से अपील की है कि अगर कोई भी व्यक्ति जो इन तीन दिनों में इस युवती के संपर्क में आया है, वह अपनी जांच जरूर कराए। 

परिवार को घर में रोकने के लिए छह कर्मचारियों की लगी ड्यूटी
गुरुवार को युवती के पूरे घर और गाड़ी को सैनेटाइज किया गया। प्रशासन की लापरवाही रही कि गुरुवार दोपहर तीन बजे पिता, भाई और दो नौकरों को स्क्रीनिंग के लिए लेकर जाया गया लेकिन शाम को उन्हें घर भेज दिया गया। युवती का परिवार 14 दिन तक घर से बाहर न जाए इसके लिए घर के बाहर चार पुलिसकर्मी और स्वास्थ्य विभाग के दो कर्मी तैनात कर दिए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने इलाके में बैरिकेडिंग कर दी है। पूरे इलाके में खौफ इस कदर फैल गया है कि गुरुवार को लोग शाम को सैर करने के लिए भी नहीं निकले।

विज्ञापन

मोहाली में 45 को भेजा होम आइसोलेशन पर

चंडीगढ़ में कोरोना वायरस से पीड़ित लड़की का पॉजिटिव केस सामने आने से मोहाली के लोग भी डरे हुए हैं। कोरोना पॉजिटिव लड़की के परिवार की फैक्ट्री मोहाली के इंडस्ट्रियल एरिया में है। पॉजिटिव केस सामने आते ही मोहाली सेहत विभाग की टीम इंडस्ट्रियल एरिया पहुंची और फैक्ट्री के सभी 45 कर्मचारियों की जांच कर उन्हें होम आइसोलेशन पर भेज दिया है। सभी 45 कर्मचारियों के दाहिने हाथ पर टैगिंग की गई है। उधर, प्रशासन ने सिविल सर्जन और डिस्ट्रिक्ट नोडल अफसर की निगरानी में हाई रिस्क आइसोलेशन के लिए 6 होटलों की सूची जारी की है। 

चंडीगढ़ में इंग्लैंड से लौटी लड़की के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद मोहाली सेहत विभाग की टीम भी हरकत में आ गई। क्योंकि पॉजिटिव लड़की के परिवार की फैक्ट्री मोहाली के इंडस्ट्रियल एरिया में है। लिहाजा सिविल सर्जन की देखरेख में सेहत विभाग की टीम इंडस्ट्रियल एरिया पहुंची और फैक्टी को आइसोलेट किया। 

फैक्ट्री के सभी 45 कर्मचारियों की जांच की गई। फिलहाल किसी में भी संक्रमण के लक्षण नहीं मिले हैं। सभी 45 कर्मचारियों के हाथ पर टैगिंग कर होम आइसोलेशन में भेज दिया गया है। इसके साथ ही जिले में होम आइसोलेशन पर रखे गए लोगों की तादात 234 हो गई है। इस संबंधी डीसी गिरीश दयालन ने कहा है कि हाई रिस्क आइसोलेशन के लिए लोगों को सेहत विभाग की निगरानी में रखा जाएगा। 

हाई रिस्क आइसोलेशन लोगों को अस्पताल या फिर आइसोलेटेड एरिया में रखा जाएगा। हाई रिस्क वाले लोगों की सुविधा के लिए डीसी ने जिले के 6 होटलों को आइसोलोटेड एरिया बनाए जाने की जानकारी दी है। इनमें फेज-9 में होटल मैजेस्टिक, फेज-3ए में होटल कामा, जीरकपुर में होटल अलमीडा और वैलवेट, सन्नी एनक्लेव में होटल अरिस्टा, खरड़ में होटल रॉयल को आइसोलेट एरिया बनाकर सेहत विभाग की निगरानी में रखा गया है।

इसकी मॉनिटरिंग सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह और जिला नोडल आफिसर करेंगे। होम आइसोलेशन पर रखे गए लोगों की नियमित जांच सेहत विभाग और इन्फोर्समेंट एजेंसी कर रही हैं। डीसी ने लोगों से कहा है कि किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। यह सब बचाव के लिए जरूरी कदम हैं जो उठाए जा रहे हैं। हम सभी को अपना-अपना बचाव करना चाहिए, क्योंकि हम खुद ही सुरक्षित रहेंगे तो सभी सुरक्षित रहेंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें