रतनगढ़ के उस एरिया को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील कर दिया है, जहां महिला मरीज का घर है। इस दायरे में करीब 400 घर आते हैं। इसके अलावा 60 परिवार जो कि सीधे तौर पर महिला के संपर्क में आए हैं उनको होम क्वारंटीन कर दिया गया। इससे पहले स्वास्थ्य विभाग अंबाला कैंट टिंबर मार्केट, शहजादपुर और ठरवा को कंटेनमेंट जोन घोषित कर चुका है।
जानिए क्या है महिला की केस हिस्ट्री:
रतनगढ़ निवासी कोरोना पॉजिटिव महिला जंगोमाजरा शहजादपुर की रहने वाली है। उसकी रतनगढ़ में शादी हुई थी। 15 साल से शुगर, बीपी और किडनी की समस्या से जूझ रही थी। इतना ही नहीं लीवर भी ठीक नहीं है। 3 साल से अंबाला छावनी से डायलिसिस करवा रही थी। शुक्रवार 24 अप्रैल को महिला को उस समय पीजीआई रेफर किया गया जब उसकी सांसे उखड़ने लगी। तीन लोग महिला को पीजीआई लेकर आए थे।
लुधियाना से आया था महिला का पति
कोरोना पॉजिटिव महिला का पति लुधियाना में अपनी बेटी के पास गया था और 21 अप्रैल को वह लुधियाना से लौटा था। यह परिवार बीपीएल है। महिला के दोनों बेटे अलग-अलग परिवार में रहते हैं।
अब तक 1617 सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से 1471 निगेटिव आए हैं। इनमें से 135 सैंपल सोमवार को जांच के लिए भेजे गए हैं। शहजादपुर में 29 टीम ने 11701, कैंट में 12 टीमों ने 3404, ठरवा में 19 टीमों ने 7094 लोगों की स्क्रीनिंग की। शहजादपुर से 6, कैंट से 3 और ठरवा गांव से 9 लोगों के सैंपल लिए गए। 96 मोबाइल टीमों ने 23 हजार 507 लोगों की स्क्रीनिंग की इनमें से 8 के सैंपल भी लिए गए।
ऐसे मरीज 24 घंटे के भीतर ही किसी भी नई बीमारी का शिकार हो सकते हैं, क्योंकि इनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता खत्म हो जाती है। महिला को लीवर, किडनी और शुगर की बीमारी है। 60 परिवारों को हमने होम क्वारंटीन कर दिया है, जोकि सीधे संपर्क में आए। कुल 14 पॉजिटिव केस हो चुके हैं। डॉ. कुलदीप सिंह, सिविल सर्जन अंबाला।
- 14 पॉजिटिव केस
- 135 सैंपल की आज आएगी रिपोर्ट
- 2 कोरोना पॉजिटिव केस पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन
- 1471 सैंपल आए नेगेटिव
- 60 परिवार क्वारंटीन