गरीब लोगों को खाना खिलाते नरेंदर पटियाल
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए पूरा देश लड़ रहा है, वहीं एक थाना प्रभारी ने अनोखा काम करके पूरे देश के लिए मिसाल पेश की है। चंडीगढ़ सेक्टर- 26 थाने के इंस्पेक्टर नरेंदर पटियाल ने कोरोना की वजह से कर्फ्यू लगने से परेशान भूखे लोगों को खाना खिलाया।
साथ ही उन्हें खाना खिलाने से पहले हाथ धुलाकर उनकी हथेलियों को सैनिटाइज किया। यह वे लोग हैं जो सेक्टर- 26 की मंडी और आसपास के शोरूम में रहते हैं। सोमवार रात 12 बजे से कर्फ्यू लगने के बाद शहर की सभी दुकान और मार्केट को बंद कर दिया गया था।
इस दौरान थाना पुलिस पीसीआर चौकी पुलिस, सिक्योरिटी समेत अन्य विंग की पुलिसकर्मी शहर के अलग-अलग बॉर्डर पर दिन-रात मुस्तैद है। इसी बीच सेक्टर- 26 के थाना प्रभारी नरेंदर पटियाल ने शहर का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने देखा कि मंडी में दो लोग और शोरूम में तीन भिखारी मौजूद हैं। इन लोगों को पहले अच्छे से हाथ धुलाकर सैनिटाइजर से हथेलियां साफ करवाई गई। इसके बाद इन्हें भरपूर भोजन दिया गया।