अपने बयानों व ट्वीट को लेकर अकसर सुर्खियों में रहने वाले हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने एक बार फिर ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा है कि शाकाहारी बनों, तरह-तरह के जीव जंतु खाकर करोना जैसे वायरस पैदा करके मानव जाती के लिए खतरा पैदा न करो।
गौरतलब है कि कोरोना वायरस के फैलने की शुरुआत चीन के वुहान शहर से हुई थी। कहा गया कि एक मीट मार्केट से यह वायरस फैलना शुरू हुआ। चीन के लोगों ने मांसाहार का सेवन किया, जिस वजह से उन्हें यह वायरस हो गया। इसलिए मंत्री विज ने मांसाहार को लेकर यह ट्वीट किया।
विज को आपत्ति शिक्षा विभाग ने क्यों जारी किया आदेश
हरियाणा के कुछ जिलों में स्कूलों और सभी जिलों में कॉलेजों, विश्वविद्यालयों को 31 मार्च तक बंद करने के शिक्षा विभाग के फैसले पर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को आपत्ति है। उनका कहना है कि इस महामारी को लेकर हरियाणा स्वास्थ्य महकमा नोडल एजेंसी हैं। स्वास्थ्य महकमा ही हर तरह के एहतियातन फैसले कर रहा है। ऐसे में शैक्षणिक संस्थानों की छुट्टियों के आदेश भी स्वास्थ्य महकमे के मार्फत ही जारी होने चाहिए थे, मगर ऐसा नहीं हुआ।
कोरोना को घोषित किया गया महामारी
हरियाणा सरकार ने कोरोना वायरस को महामारी घोषित कर दिया है। साथ ही प्रदेश के हर जिले में सरकारी अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड बनाए जाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। सरकार ने रैलियों, धार्मिक आयोजनों, खेल आयोजनों व भीड़-भाड़ वाली जगह न जाने की अपील लोगों से की है।
यूनिवर्सिटी, कॉलेज और स्कूलों में 31 मार्च तक छुट्टी
हरियाणा सरकार ने कोरोना वायरस के चलते रोहतक, सोनीपत, झज्जर, फरीदाबाद और गुरुग्राम के सभी सरकारी व निजी स्कूलों में 31 मार्च तक छुट्टी की घोषणा की है। हायर एजुकेशन विभाग व शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी स्कूलों, कॉलेजों व यूनिवर्सिटी में पत्र जारी कर दिया है।