गुरदासपुर सिविल अस्पताल में कोरोनावायरस का एक संदिग्ध मरीज दाखिल किया गया है। खून के नमूने लेकर दिल्ली लैब में जांच के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल एहतियात के तौर पर मरीज को पृथक वार्ड में रखा गया है। सिविल अस्पताल में तैनात डॉ. मनजिंदर बब्बर ने बताया कि गांव कीड़ी अफगाना का 43 साल का मरीज दिल्ली में किसी निजी अस्पताल में किसी अन्य बीमारी का इलाज करवा रहा था।
पैसों की कमी के चलते वह गांव आ गया और सिविल अस्पताल में दाखिल हुआ है। उसकी पिछली रिपोर्ट के अनुसार उसके दोनों फेफड़े खराब हो चुके हैं। एहतियात के तौर पर उसके खून के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। डीसी मोहम्मद इश्फाक ने बताया कि प्रशासन पूरी सावधानी बरत रहा है।
फतेहगढ़ साहिब में नहीं है कोरोनावायरस का केस: सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डॉ. एनके अग्रवाल ने दावा किया कि जिले में कोरोनावायरस का कोई केस नहीं है। एक संदिग्ध मरीज जिला अस्पताल में दाखिल किया गया था, उसकी भी जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। जिले की सभी सेहत संस्थाओं में फ्लू कार्नर बनाए गए हैं और प्राइवेट अस्पतालों को फ्लू कार्नर बनाने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं।
मेडिकल और पैरा मेडिकल स्टाफ को भी इस बारे में जागरूक किया गया है। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि सेहत विभाग की तरफ से इस संबंधी पृथक वार्ड तैयार किए गए हैं और जिले में विदेश से लौटे व्यक्तियों को ट्रेस करके उन्हें घरों में ही रहने की सलाह दी जा रही है।