प्रशासक बदनौर ने कहा कि 16 जनवरी का दिन देश के लिए काफी महत्वपूर्ण होगा। देशभर में वैक्सीन कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी। इसका शुभारंभ खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की निदेशक डॉ. अमनदीप कौर कंग ने कहा कि चंडीगढ़ को 12 जनवरी को कोविड वैक्सीन की 12,000 डोज मिली है, जो कि सेक्टर-16 में बनाए गए डिस्ट्रिक्ट वैक्सीनेशन स्टोर में रखी गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से उन्हें वैक्सीन की जो डोज मिली है, उससे 5400 लोगों को टीका लगाया जा सकता है। इस पर बदनौर ने आदेश दिए कि वह पीजीआई को एक हजार वैक्सीन के डोज उपलब्ध कराएं।
स्थिति संभालने के लिए एक एंबुलेंस हमेशा रहेगी तैयार, हेल्पलाइन जारी
डॉ. अमनदीप कौर कंग ने कहा कि केंद्र सरकार ने चंडीगढ़ में वैक्सीनेशन के लिए चार केंद्रों की मंजूरी दी है। इनमें से एक जीएमएसएच-16, जीएमसीएच-32 में दो और एक सेक्टर-48 हॉस्पिटल है। कंग ने बताया कि जिन लोगों को पहले चरण में वैक्सीन दी जानी है, उनकी सूची तैयार हो चुकी है। उन्हें ट्रेनिंग भी दी जा चुकी है।
बताया कि किसी भी तरह के आपात स्थिति से बचने के लिए अलग से चार बेड तैयार किए गए हैं। एक हेल्पलाइन नंबर 1075 भी जारी किया गया है, जिसे चार डॉक्टर संभालेंगे। इसके अलावा हर केंद्र के बाहर एक एंबुलेंस खड़ी रहेगी। इसके बाद प्रशासन ने नगर निगम के कमिश्नर को आदेश दिए कि वह दूसरे चरण में जिन लोगों को वैक्सीन दी जानी है, उनकी सूची तैयार रखें।
कोरोना के निर्देशों का पालन न करने पर 38206 चालान
प्रशासक ने शहर के चीफ इंजीनियर सीबी ओझा को आदेश दिए हैं कि वह शहर के विभिन्न हिस्सों में चल रहे विकास के कार्यों को लेकर एक प्रेजेंटेशन दें। बैठक में डीसी मनदीप सिंह बराड़ ने बताया कि उनकी ओर से शहर में मास्क नहीं पहनने व कोरोना वायरस के अन्य दिशा निर्देशों का पालन नहीं करने पर अब तक 38206 चालान किए गए हैं।
बदनौर ने कहा कि लोग ढील न बरतें, इसके लिए प्रयास जारी रहने चाहिए। उन्होंने कहा कि सुखना लेक और खास तौर पर शहर के विभिन्न मार्केट में लोग लापरवाही न बरतें, इसका ख्याल ध्यान रखा जाए। बैठक में प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने बताया कि उन्होंने हाल ही में नवनिर्वाचित मेयर के साथ बैठक की है और 13 गांवों के विकास कार्यों के लिए फंड जारी किया है।