पंजाब में कोरोना से मौतों के आंकड़ों में कोई गिरावट नहीं आ रही है। गुरुवार को राज्य में कोरोना से 12 लोगों की जान चली गई। इसके साथ ही सूबे में वायरस से मरने वालों की संख्या 4072 पहुंच गई है। इसके अलावा 617 नए मामले भी सामने आए हैं। राज्य में अब तक 129693 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक पंजाब में संदिग्ध मामलों की संख्या 2409686 पहुंच गई है, जिनमें पॉजिटिव मरीजों की संख्या 129693 दर्ज की गई है। 121155 लोग ठीक हो चुके हैं। सांस लेने में परेशानी होने पर 103 संक्रमित मरीजों को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। 47 लोगों की हालत गंभीर होने पर वेंटिलेटर पर रखा गया है।
संक्रमण से मौतों के मामले में लुधियाना नंबर वन बना हुआ है। यहां अब तक सबसे ज्यादा 825 लोग संक्रमण से मौत का शिकार हो चुके हैं। जालंधर में 459 और पटियाला में 371 लोग संक्रमण से दम तोड़ चुके हैं। गुरुवार को राज्य में होने वाली 12 मौतों में अमृतसर में 1, फिरोजपुर में 2, गुरदासपुर में 1, होशियारपुर में 3, जालंधर में 1, एसएएस नगर में 2, रोपड़ में 2 शामिल हैं।